नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है। भारतीय रेलवे ने सभी यात्री कोचों में CCTV कैमरे लगाने का फैसला लिया है। रेलवे के इस कदम के बाद ट्रेन के गेट पर लटककर अपराध करने वालों और कोच में एंट्री करने वाले हर यात्री पर नजर रहेगी। इसके लिए रेलवे ने खास प्लान तैयार किया है। इसको लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खुद जानकारी दी है।
भरतीय रेलवे ने ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। अब ट्रेन के यात्री कोच और इंजन में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसका ऐलान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया है। उन्होंने कहा कि यात्री सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भारतीय रेलवे के सभी 74,000 डिब्बों और 15,000 इंजनों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का बड़ा फैसला
यह फैसला शनिवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू द्वारा उत्तर रेलवे में प्रेक्टिस के तौर पर लगाए गए CCTV कैमरों के लाभों की समीक्षा के बाद लिया गया। मंत्रालय एक बयान के मुताबिक, यात्रियों की गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए CCTV कैमरे मुख्य रूप से दरवाजों के पास, सामान्य आवागमन वाले क्षेत्रों में लगाए जाएंगे।
ट्रेन में यहां लगाएं जाएंगे कैमरे?
यात्री डिब्बे में प्रत्येक रेलवे कोच में कुल चार CCTV कैमरे लगाए जाएंगे, जिनमें से प्रत्येक प्रवेश द्वार पर दो कैमरे होंगे। ये कैमरे एंट्री गेट से आने-जाने वालों पर नजर रखेंगे। इसके अलावा, भारतीय रेलवे ने रेल के प्रत्येक इंजन में छह CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। इनमें इंजन के आगे, पीछे और दोनों तरफ एक-एक कैमरा शामिल होगा।
ट्रेन में CCTV लगाने के फायदे
बता दें कि, भारतीय रेलवे विश्व के सबसे बड़े रेल नेटवर्कों में से एक है। भारतीय रेलवे प्रतिदिन औसतन 13,000 से अधिक यात्री ट्रेनें संचालित करता है, जिसमें मेल/एक्सप्रेस, पैसेंजर और उपनगरीय ट्रेनें शामिल हैं। भारतीय रेलवे से प्रतिदिन लगभग 2.4 करोड़ यात्री सफर करते हैं।
रेलवे के इस कदम से CCTV कैमरे चोरी, छेड़छाड़, उत्पीड़न और अन्य आपराधिक गतिविधियों को रोकने में मदद करते हैं। आपात स्थिति जैसे चिकित्सा आपातकाल, आग या कोई दुर्घटना होने पर CCTV फुटेज घटना की स्थिति को समझने और अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी ढंग से प्रतिक्रिया देने में मदद कर सकता है।




