नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। CBI ने बुधवार को अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करते हुए कोर्ट में पेश किया। इस दौरान CBI ने केजरीवाल पर कई गंभीर आरोप लगाए। राउज एवेन्यू स्थित विशेष अदालत में CBI ने कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल ने YSRCP के लोकसभा सांसद मंगुटा श्रीनिवासलु से आम आदमी पार्टी के लिए पैसों की मांग की थी और बदले में उन्हें दिल्ली में शराब कारोबार करने में मदद का भरोसा दिया था। एजेंसी ने कहा कि उसके पास इसके संबंध में दस्तावेजी सबूत भी है।
केजरीवाल मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक- CBI
वित्त वर्ष 2021-22 की शराब नीति में कथित घोटाले को लेकर CBI ने कहा कि केजरीवाल मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक हैं। केजरीवाल से 16 मार्च 2021 को रेड्डी ने उनके सचिवालय में स्थित दफ्तर में मुलाकात की थी और शराब कारोबार में उनसे मदद मांगी थी। जिसकी पुष्टि दस्तावेजों से हो रही है। जिसके बाद केजरीवाल ने उन्हें भारत राष्ट्र समिति के नेता कविता से संपर्क करने को कहा जो उस समय केजरीवाल की टीम के साथ काम कर रही थी। एजेंसी ने कहा कि केजरीवाल ने रेड्डी से आप के लिए फंडिंग की मांग की थी।
वहीं आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल ने शराब नीति में अनियमितता को लेकर सीबीआई के द्वारा लगाये गए सभी आरोपों को खारिज किया है और केंद्र सरकार की राजनीतिक साजिश करार दिया है।
लोग कोरोना से मर रहे थे और इधर नई आबकारी नीति लागू की जा रही थी- CBI
CBI ने दावा किया कि दक्षिण की लॉबी ने कोविड-19 महामारी के समय नई आबकारी नीति की रूपरेखा तय की थी और इसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री भी शामिल थे। CBI ने दावा किया कि एक तरफ कोरोना से लोगों की मौतें हो रही थी। वहीं दूसरी तरफ इनलोगों ने रिपोर्ट तैयार कर अभिषेक बोइनपल्ली को दी। जिसके बाद यह रिपोर्ट विजय नायर के जरिये डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को भेजी गई। इसको लेकर कोई बैठक नहीं हुई। उसी दिन इसपर हस्ताक्षर किए गए और उसी दिन इसे अधिसूचित कर दिया गया। इस षडयंत्र में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी शामिल थे।
इंडोस्प्रिट कंपनी को दिल्ली में दिया गया होलसेल कारोबार
CBI के मुताबिक कविता ने हैदराबाद में 20 मार्च 2021 को रेड्डी के साथ मीटिंग की थी। जिसमें उसने रेड्डी से कहा कि मार्च 2021 तक आम आदमी पार्टी के लिए 100 करोड़ रुपये की व्यवस्था करनी है। हालांकि जेल में बंद कविता इस आरोपों का खंडन कर चुकी हैं। सीबीआई ने दावा किया है कि इंडोस्प्रिट (इस कंपनी में कविता और रेड्डी के बेटे की हिस्सेदारी है) कंपनी को दिल्ली के 9 जोन में होलसेल कारोबार का लाइसेंस नियमों को दरकिनार करके दिया गया।
CBI ने बताया कि 100 करोड़ में से 44.45 करोड़ रुपये हवाला के जरिये गोवा चुनाव में भेजे गए थे। इस पूरे मामले में एजेंसी ने अभी तक मनीष सिसोदिया और के कविता समेत 17 आरोपियों के खिलाफ 4 चार्जशीट दायर की है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





