नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। दिल्ली शराब घोटाले मामले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। अब सीएम केजरीवाल को CBI ने शराब घोटाले मामले में गिरफ्तार कर लिया है। इस पर सीएम की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने सरकार पर बड़ा आरोप लगाया। सुनीता केजरीवाल ने सीएम की गिरफ्तारी को तानाशाही वाला कदम बताया है। बता दें कि सीबीआई ने सीएम केजरीवाल की रिमांड की मांग की है जिस पर आज बुधवार को ही कोर्ट फैसला सुनाने वाली है।
सुनीता केजरीवाल ने सीएम की गिरफ्तारी को बताया तानाशाही
आपको बता दें कि आज केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने कथित शराब घोटाले के मामले में अरविंद केजरीवाल को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया और कोर्ट से 5 दिन की रिमांड की मांग की। जिसके बाद सुनीता केजरीवाल अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि 20जून अरविंद केजरीवाल को बेल मिली। तुरंत ED ने इस पर स्टे लगवा दिया। अगले ही दिन CBI ने उनको एक्यूज्ड बना दिया। और आज गिरफ़्तार कर लिया। पूरा तंत्र इस कोशिश में है कि बंदा जेल से बाहर ना आ जाये। ये क़ानून नहीं है। ये तानाशाही है, इमरजेंसी है।
सीबीआई ने किया सीएम केजरीवाल को गिरफ्तार
गौरतलब है कि सीबीआई ने आज कोर्ट से सीएम केजरीवाल की पांच दिनों की हिरासत की मांग की है। कोर्ट ने सीबीआई की याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया है। इसके बाद उन्हें आज बुधवार को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान CBI ने विशेष न्यायाधीश अमिताभ रावत से अनुमति भी ली थी। आपको बता दें कि केजरीवाल अभी तक जमानत पर बाहर आने का हर संभव प्रयास कर रहे थे, लेकिन अब उन्हें राहत मिलती हुई नहीं दिख रही है।
एजेंसी ने कोर्ट में बताई सीएम के गिरफ्तारी की वजह
सीबीआई ने कोर्ट में अनुरोध किया कि सीएम केजरीवाल से पूछताछ की जरूरत है। जांच एजेंसी ने कहा कि दिल्ली के सीएम का सबूतों और इस मामले में अन्य आरोपियों से सामना कराने की जरूरत है। एजेंसी ने कोर्ट में कहा कि केजरीवाल विजय नायर के बारे में जानकारी नहीं दे रहे हैं। वो सारा दोष मनीष सिसोदिया पर मढ़ रहे हैं। केजरीवाल का कहना है कि विजय नायर, आतिशी मार्लेना और सौरभ भारद्वाज के अधीन काम कर रहे थे। सीबीआई के पास पर्याप्त सबूत है। उन्होंने कहा कि इस पॉलिसी पर कुछ अधिकारी हस्ताक्षर नहीं कर रहे थे। जो अधिकारी हस्ताक्षर के लिए तैयार नहीं थे। उसे बदल दिया गया।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





