नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का एक हल्का-फुल्का और मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में अखिलेश यादव को मेरठ से आए एक सपा कार्यकर्ता का कोट इतना पसंद आ जाता है कि वह मजाकिया अंदाज में अपने लिए भी वैसा ही कोट सिलवाने की बात कह देते हैं।
संसद के बाहर दिखा दिलचस्प नजारा
यह वीडियो संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान संसद परिसर के बाहर का बताया जा रहा है। जब अखिलेश यादव सदन से बाहर आए और अपनी कार में बैठने से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने लगे, तभी मेरठ से आए कुछ सपा कार्यकर्ता भी उनसे मिलने पहुंचे।
कार्यकर्ता के कोट पर अटक गई नजर
बातचीत के दौरान अखिलेश यादव की नजर एक कार्यकर्ता के कोट पर पड़ी। उन्होंने उसे ऊपर से नीचे तक देखा और मुस्कुराते हुए पूछ लिया, भाई, कौन ऐसा कोट सिलता है? हमें भी सिलवा दो ऐसा कोट।
‘लेकर आना, तब सिलवाएंगे’
वायरल वीडियो में अखिलेश यादव मजाकिया लहजे में कहते नजर आते हैं अरे भइया, हमें भी सिलवा दो ऐसा कोट, कौन सिलता है? इस पर कार्यकर्ता जवाब देता है कि मेरठ में एक दर्जी है। अखिलेश यादव हंसते हुए कहते हैं लेकर आना तुम, तब सिलवाएंगे।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
अखिलेश यादव का यह अंदाज सोशल मीडिया पर लोगों को काफी पसंद आ रहा है। यूजर्स उनके सरल स्वभाव और कार्यकर्ताओं से अपनापन दिखाने की तारीफ कर रहे हैं। कई लोग इसे नेता और कार्यकर्ता के बीच की सहज और आत्मीय बातचीत बता रहे हैं।
हाजिर जवाबी के लिए जाने जाते हैं अखिलेश
अखिलेश यादव अपनी हाजिर जवाबी, हास्य और व्यंग्य भरे अंदाज के लिए जाने जाते हैं। इससे पहले भी पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों के साथ उनके ऐसे कई वीडियो सामने आ चुके हैं, जो चर्चा में रहे हैं। इस बार भी उनका यही अंदाज लोगों का दिल जीतता नजर आ रहा है।





