नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। उन्नाव रेप कांड में पूर्व बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को मिली जमानत के बाद राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। अब इस मुद्दे पर पूर्व बी जेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह खुलकर सेंगर के समर्थन में सामने आए हैं। उन्होंने कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत का स्वागत करते हुए इसे न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा बताया है।
”आज भी षड्यंत्र जारी है”
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, “कुलदीप सिंह सेंगर के साथ अन्याय हुआ था। उनके खिलाफ खड़यंत्र रचा गया था, जैसे मेरे खिलाफ भी एक विश्व व्यापी खड़यंत्र रचा गया था। उन्होंने आगे कहा कि उनके मामले में जनता उनके साथ खड़ी रही और वे उस साजिश से बाहर निकल आए, लेकिन सेंगर ऐसा नहीं कर पाए। पूर्व सांसद ने आरोप लगाया कि सेंगर के खिलाफ साजिश आज भी जारी है। उन्होंने कहा, “आज जिम्मेदारी से कहना चाहता हूं कि कुलदीप सिंह सेंगर के साथ खड़यंत्र हुआ था और जो लोग यह कर रहे थे, वे आज भी सक्रिय हैं। उन्होंने जमानत के विरोध में हो रहे धरना-प्रदर्शनों पर भी सवाल उठाए। बृजभूषण सिंह ने कहा कि ये प्रदर्शन कहीं न कहीं से प्रेरित हैं और इनके पीछे कोई न कोई है। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि कोर्ट ने जमानत दी है, इसलिए कोर्ट के फैसले का सम्मान होना चाहिए।
धरना-प्रदर्शन पर उठाए सवाल
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा,“धरना और प्रदर्शन से कुछ नहीं होने वाला। जब कुलदीप सिंह सेंगर जेल में थे, तब उनके परिवार या समर्थकों ने कोई धरना नहीं दिया। उन्होंने न्यायिक प्रक्रिया का इंतजार किया। उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि क्या देश धरना-प्रदर्शन से चलेगा या कानून और अदालत के फैसलों से। पूर्व सांसद ने साफ कहा कि कुलदीप सिंह सेंगर पिछले तीन-चार साल से जेल में थे और अब वे न्यायिक प्रक्रिया के तहत जमानत पर बाहर आए हैं। गौरतलब है कि कुलदीप सिंह सेंगर उन्नाव रेप कांड में मुख्य आरोपियों में से रहे हैं और उनकी जमानत पहले से ही विवादों में है। बृजभूषण शरण सिंह के इस बयान के बाद विपक्षी दलों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और इसे महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर असंवेदनशील करार दिया है।




