नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। राजस्थान के दौसा जिले में विकास रथ यात्रा के दौरान उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब बांदीकुई से भाजपा विधायक भागचंद टांकडा एक व्यक्ति की हरकत से नाराज हो गए। यह घटना बसवा क्षेत्र के सबडावली गांव में आयोजित स्वागत कार्यक्रम के दौरान हुई, जहां मंच पर मौजूद विधायक से एक व्यक्ति ने विकास कार्यों को लेकर बात करते हुए उनका हाथ पकड़ने की कोशिश की। इस हरकत से विधायक भड़क गए और खुले मंच से नाराजगी जाहिर की। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि काम बताने और मांग रखने का भी एक मर्यादित तरीका होता है। हाथ पकड़कर बात करना गलत है और ऐसा व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मंच से विधायक का तीखा बयान
अपने संबोधन में विधायक भागचंद टांकडा ने कहा, “मुझे कहते हैं भागचंद टांकडा। अगर किसी को कोई गलतफहमी हो तो वह दूर कर ले। मैं किसी से दबने वाला नहीं हूं। कोई हाथ पकड़कर काम करवाने की बात करेगा, तो यह कोई तरीका नहीं है। हाथ पकड़कर उठाने की कोशिश करेगा, तो मैं टेंटवा पकड़कर बाहर ले जाऊंगा। उन्होंने आगे कहा कि लोगों को अपने काम जरूर बताने चाहिए, चाहे दो हों या पांच, लेकिन इसके लिए सही और सम्मानजनक तरीका अपनाना जरूरी है। जायज काम होंगे तो उन्हें जरूर किया जाएगा।
जाति के नाम पर दबाव बनाने पर भी बोले विधायक
विधायक ने मंच से यह भी कहा कि अगर कोई जाति या समूह संख्या के दम पर दबाव बनाने की सोचता है, तो वह गलतफहमी में है। उन्होंने कहा कि वह भी इसी विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले हैं और उनका भी स्वाभिमान है। ग्राम पंचायत से जुड़े विवाद का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि उन्होंने दोनों पक्षों को बैठाकर समझौता कराने की कोशिश की थी, क्योंकि उनका उद्देश्य लोगों को जोड़ना है, न कि लड़ाना। घटना के बाद मौके पर मौजूद बसवा थाना पुलिस ने स्थिति को संभाला और संबंधित व्यक्ति को शांतिभंग की धारा में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई है। फिलहाल इस घटना को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है और विधायक के बयान को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आ सकती हैं।





