नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। बिहार में सार्वजनिक स्थानों पर अश्लील और दोहरे अर्थ वाले गानों को लेकर सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। डिप्टी सीएम और गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने पुलिस को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि अब ऐसे गाने बजाने वालों के खिलाफ सीधे FIR दर्ज की जाएगी। सरकार का कहना है कि इससे समाज में बढ़ रही फूहड़ता पर रोक लगेगी और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा मजबूत होगी।
सार्वजनिक जगहों पर अश्लील गाने बजाना पड़ेगा भारी
जारी आदेश के अनुसार बस, ट्रक, ऑटो रिक्शा या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर भोजपुरी, मगही, मैथिली या अन्य भाषाओं के अश्लील और डबल मीनिंग गाने बजाने पर कड़ी कार्रवाई होगी। पुलिस को विशेष अभियान चलाकर चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। नियम तोड़ने वालों को जेल भी भेजा जा सकता है।
महिलाओं की सुरक्षा और बच्चों पर असर बना वजह
सम्राट चौधरी ने कहा कि सार्वजनिक तौर पर अश्लील गाने बजने से समाज और खासकर बच्चों पर गलत असर पड़ता है। इससे महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा भी प्रभावित होती है। इसी वजह से सरकार ने सख्त कदम उठाने का फैसला लिया है। बिहार में भोजपुरी गानों की अपनी अलग पहचान है, लेकिन हाल के वर्षों में डबल मीनिंग और अश्लील गीतों को लेकर लगातार विवाद बढ़े हैं। ‘चोली-भौजी’ जैसे कई गाने आम जगहों पर बजते रहे हैं, जिससे यात्रियों, खासकर महिलाओं और बच्चों को असहज महसूस करना पड़ता है। दरअसल, बिहार में भोजपुरी भाषा में डबल मीनिंग वाले गाने खूब प्रचलन में रहते हैं। इसमें चोली-भौजी, चाची के बाची सपनवां में आती है, राजा तनी जाई न बहरिया, देवरा ढोढ़ी चटना बा आदि गाने शामिल हैं। पटना में इन गानों की सबसे ज्यादा रिकॉर्डिंग होती है।
पुलिस चलाएगी अभियान
डिप्टी सीएम ने सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी बढ़ाएं और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तुरंत कार्रवाई करें। सरकार को उम्मीद है कि इस फैसले से बिहार की सांस्कृतिक छवि को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।





