नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। NEET पेपर लीक मामले में सीबीआई को बड़ी कामयाबी मिली है। सीबीआई ने आरोपी रॉकी को नीट पेपर लीक मामले में गिरफ्तार कर लिया है। सीबीआई की जांच टीम को इसी व्यक्ति की सबसे ज्यादा तलाश थी। सीबीआई ने रॉकी को गिरफ्तार करने के बाद मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CBI) हर्षवर्धन की अदालत में पेश किया। जिसके बाद सीबीआई ने कोर्ट से रॉकी की रिमांड मांगी।कोर्ट ने सीबीआई को रॉकी की 10 दिन की न्यायिक हिरासत की अनुमति दे दी है। अब केंद्रीय जांच एजेंसी(सीबीआई) आरोपी रॉकी को रिमांड में लेकर पूछताछ करते हुए नीट पेपर लीक के सारे राज जानेगी।
आरोपी बंटी ने ही पेपर लीक मामले में रॉकी का नाम लिया था
सीबीआई ने इससे पहले आरोपी बंटी को धनबाद से गिरफ्तार किया था। आरोपी बंटी को सीबीआई गिरफ्तारी के बाद पटना लेकर आयी थी, जहां केंद्रीय जांच एजेंसी ने बंटी से नीट पेपर लीक मामले में कई राज उगलवाए। आरोपी बंटी ने ही पेपर लीक मामले में रॉकी का नाम लिया था और इसके लिए उसने सीबीआई को कई सुराग भी दिए थे। सीबीआई ने आरोपी बंटी के घर से लैपटॉप, मोबाइल, पासबुक और जमीन और निवेश से जुड़े दस्तावेज बरामद कर लिए हैं। सीबीआई को इनकी जांच के बाद कई अहम सुराग मिले हैं। अब सीबीआई को आरोपी रॉकी की रिमांड मिल गई है। सीबीआई जल्द ही इस मामले में और बड़े खुलासे करेगी।
सीबीआई इस मामले में अब रॉकी से बड़े राज उगलवाएगी
वहीं आरोपी रॉकी का असली नाम राकेश है। वह मूल रूप से बिहार के नवादा का रहने वाला है। रॉकी रांची में रहकर कुछ समय से अपना रेस्त्रां चला रहा था। वहीं आरोपी बंटी से मिले सुराग और सीबीआई की जांच के अनुसार आरोपी रॉकी ही वह व्यक्ति था, जिसने नीट का पेपर लीक हो जाने के बाद उसका हल कराया और फिर उसको चिंटू नाम के व्यक्ति के मोबाइल पर भेज दिया था। अभी तो रॉकी की पूरी रिमांड बची है, सीबीआई इस मामले में अब उससे बड़े राज उगलवाएगी।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें :- www.raftaar.in




