नई दिल्ली/रफ्तार। ST/SC आरक्षण में क्रीमी लेयर लागू करने के संबंध में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के विरोध में आज यानी 21 अगस्त को आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति ने भारत बंद का ऐलान किया है। बंद के दौरान आम लोगों को ये चिंता होती है कि इस दौरान क्या खुला रहेगा और क्या बंद रहेगा ? बता दें कि, अभी इसको लेकर कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। इस दौरान आशंका है कि भारत बंद के दौरान सार्वजनिक परिवहन सेवाओं पर इसका व्यापक असर पड़ सकता है। हो सकता है कि कई जगहों पर प्राइवेट दफ्तर बंद रह सकते हैं। हालांकि भारत बंद के दौरान अस्पताल, दवा की दुकानें और एंबुलेंस सेवा सामान्य रहेगी।
भारत बंद का BSP पार्टी समेत कई दलित संगठनों ने समर्थन किया है। वहीं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सभी जिलों में तैनाती बढ़ाने की बात कही है।
क्यों हो रहा भारत बंद ?
दरअसल सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को एससी-एसटी आरक्षण में क्रीमी लेयर बनाने की अनुमति दी है। कोर्ट ने कहा है कि जिन्हें वाकई आरक्षण की आवश्यकता है उन्हें आरक्षण में प्राथमिकता मिलनी चाहिये। जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले को लेकर हर जगह इस बात पर बहस छिड़ गई कि क्या वाकई एससी-एसटी आरक्षण में क्रीमी लेयर की आवश्यकता है ?
कुछ दलित नेताओं जैसे मुसहर समाज का प्रतिनिधित्व करने वाले नेता व केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सुप्रीम कोर्ट के इस निर्णय का स्वागत किया है। उनका कहना था कि बिहार में सबसे ज्यादा एससी आरक्षण का लाभ सिर्फ दो ही समाज लिया है। जीतन राम मांझी ने कहा कि जाटव और पासवान समाज को छोड़कर बाकि जातियों के कितने छात्र आईएएस या आईपीएस या राज्य सिविल सेवा में हैं। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के इस निर्णय का स्वागत किया है।




