नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के सांसद मिलिंद देवड़ा ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर दक्षिण मुंबई में विरोध-प्रदर्शनों पर रोक लगाने की मांग की है।
सांसद मिलिंद ने कहा कि लगातार हो रहे प्रदर्शन से शहर के सामान्य जनजीवन और सुरक्षा पर गंभीर असर डाल रहे हैं, जिससे प्रशासन और नागरिक दोनों प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई के इस इलाके में, जहां वित्तीय/इंडस्ट्री क्षेत्र और सरकारी दफ्तार स्थित हैं, वहां विरोध-प्रदर्शनों से कामकाज प्रभावित होता है।
मिलिंद देवड़ा की यह मांग और पत्र ऐसे समय में सामने आया है, जब कुछ दिन पहले ही ओबीसी आरक्षण की मांग को लेकर मनोज जरांगे के नेतृत्व में मराठा आंदोलनकारियों के प्रदर्शन के कारण मुंबई की ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई थी।
मिलिंद देवड़ा ने यह पत्र सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा करते हुए कहा कि, हालिया प्रदर्शन शहर को लगभग ठप कर चुका हैं। मिलिंद देवड़ा ने कहा, “प्रत्येक भारतीय को विरोध करने का अधिकार है, लेकिन मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) यह सुनिश्चित करे कि महाराष्ट्र का राजनीतिक और आर्थिक केंद्र प्रभावित न हो।”
संजय राउत शिंदे पर भड़के
दूसरी तरफ, शिवसेना (UBT) के नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने सांसद मिलिंद देवड़ा के द्वारा सीएम देवेंद्र फडणवीस से लिखें लेटर पर भड़क गए। राज्यसभा सांसद संजय राउत ने आरोप लगाया है कि उन्हें जानकारी मिली है कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मुंबई में मराठा आंदोलन और उसके विरोध-प्रदर्शनों की योजना और व्यवस्था में शामिल थे।
संजय राउत ने मिलिंद देवड़ा का पत्र शेयर करते हुए X पर मराठी में लिखा कि “अमित शाह के समर्थन वाले शिंदे गुट का असली रूप अब सामने आ गया है; न्याय की मांग कर रहे मराठी जनता पर उनका असहिष्णु रवैया स्पष्ट हो गया है।”
शिंदे गुट के सांसद मिलिंद देवड़ा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मुंबई में मराठी लोगों के आंदोलन की अनुमति रोकने की मांग की है। उन्होंने कहा, “बालासाहेब की तस्वीर का इस्तेमाल बंद किया जाए।”
5 दिनों तक शहर की व्यवस्था प्रभावित
बता दें कि, मराठा नेता मनोज जरांगे-पाटिल के नेतृत्व में मराठा समुदाय की 10 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के चलते शहर के कई हिस्सों में आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ था।
अब शहर में सामान्य हालात
बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) उपक्रम ने विरोध प्रदर्शन के कारण अपने परिचालन को कुछ दिनों तक स्थगित किया था। हालांकि, अब शहर में स्थिति सामान्य हो गई है और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से बस सेवाएं पुनः शुरू कर दी गई हैं।




