नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गांव की एक नाबालिग लड़की से रेप और उसकी हत्या का मामला गरमाया हुआ है। मामले में बहुजन समाज पार्टी की मुखिया और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने नीतीश सरकार को घेरा है। मामले में उन्होने प्रतिक्रिया देते हुए इस संदर्भ में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। तो वही, कांग्रेस की छात्र विंग भी घटना के बाद नीतीश सरकार के खिलाफ पटना में जोरदार प्रदर्शन कर रही है।
सीएम नीतीश कुमार से सवाल पूछते हुए मायावती ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- मुजफ्फरपुर में दलित नाबालिग के साथ रेप और फिर उसे चाकू से गोद कर मारने तथा फिर पटना अस्पताल में उसके इलाज में देरी/ लापरवाही से हुई मौत की ताजा घटना राज्य की भी बदहाल कानून व स्वास्थ्य व्यवस्था का जीता-जागता उदाहरण, जो अति-निन्दनीय एवं चिन्तनीय है। बिहार कब बदलेगा?
मायावती ने मामले में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए लिखा- बिहार सरकार सभी दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करके पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सुनिश्चित करे ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृति को रोका जा सके।
बता दें, 26 मई को मुजफ्फरपुर के अपने गांव में रेप की शिकार हुई 9 वर्षीय नाबालिग को शनिवार को गंभीर हालत में PMCH ले जाया गया था। उधर, सोमवार, 2 जून को पुलिस ने बताया, ‘आरोपी ने उसका गला और सीना बेरहमी से रेत दिया था। उसने गला रेतकर उसे मारने की कोशिश की थी। अभी अरोपी पुलिस के गिरफ्त में है।’
4,12,500 रुपये का चेक पीड़ितों को सौंपा
जिला प्रशासन ने सोमवार को मृतका के परिवार को मुआवजे के तौर पर 4,12,500 रुपये का चेक सौंपा। इस पर संबंधित अधिकारियों ने आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल करने के बाद 4,12,500 रुपये के मुआवजे की दूसरी किस्त जारी करने का निर्देश दिया है।
खिलौने देने के बहाने, सुनसान जगह ले गया
मुजफ्फरपुर के पुलिस उपाधीक्षक (पश्चिम) ने बताया कि पीड़िता के परिवार के सदस्यों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को अरेस्ट कर जेल भेजा जाएगा। शिकायत के अनुसार, आरोपी लड़की को खिलौने देने के बहाने बहला-फुसलाकर एक सुनसान जगह पर ले गया। उसने वहां उससे रेप किया और फरार हो गया।’ उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को पकड़ने के लिए तलाश शुरू कर दी गई है।




