नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनके साथी बुच विल्मोर 9 महीने से अधिक समय तक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन ISS में रहने के बाद आज पृथ्वी की ओर लौट रहे हैं। उनके साथ नासा के क्रू-9 मिशन के दो अन्य अंतरिक्ष यात्री भी वापस आ रहे हैं।
कैसे होगी वापसी?
नासा के मुताबिक, वापसी की प्रक्रिया भारतीय समयानुसार 18 मार्च को सुबह 10:35 बजे शुरू होगी, जब स्पेसएक्स का ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट ISS से अनडॉक होगा। इसके बाद यह पृथ्वी की ओर यात्रा करेगा और लगभग 17 घंटे बाद फ्लोरिडा के तट पर लैंड करेगा।
देखें पूरा शेड्यूल
18 मार्च, सुबह 10:35 बजे – ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट की अनडॉकिंग
19 मार्च, सुबह 2:41 बजे – डीऑर्बिट बर्न यानी इंजन को फायर कर पृथ्वी की कक्षा में प्रवेश
19 मार्च, सुबह 3:27 बजे – फ्लोरिडा के तट पर पानी में लैंडिंग हालांकि, मौसम की स्थिति के आधार पर इस शेड्यूल में बदलाव संभव है।
सुनीता विलियम्स को 9 महीने तक अंतरिक्ष में क्यों रहना पड़ा?
दरअसल, सुनीता और बुच को नासा और बोइंग के संयुक्त ‘क्रू फ्लाइट टेस्ट मिशन’ के तहत केवल 8 दिनों के लिए अंतरिक्ष में भेजा गया था। इस मिशन का उद्देश्य बोइंग के स्टारलाइनर स्पेसक्राफ्ट की क्षमता का परीक्षण करना था। लेकिन, तकनीकी दिक्कतों के चलते स्टारलाइनर स्पेसक्राफ्ट वापसी के लिए उपयुक्त नहीं रहा, जिससे उनकी वापसी में 9 महीने और 13 दिन की देरी हो गई।
स्टारलाइनर स्पेसक्राफ्ट में आई खराबी
बोइंग के स्टारलाइनर स्पेसक्राफ्ट में कई समस्याएं सामने आईं, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं 28 में से 5 थ्रस्टर्स काम करना बंद कर चुके थे। 25 दिनों में 5 बार हीलियम का रिसाव हुआ, जिससे प्रणोदन प्रणाली प्रभावित हुई। नासा ने निष्कर्ष निकाला कि यह स्पेसक्राफ्ट अंतरिक्ष यात्रियों को सुरक्षित रूप से वापस लाने के लिए उपयुक्त नहीं है। इन्हीं समस्याओं के कारण 6 सितंबर 2024 को नासा ने स्टारलाइनर को बिना यात्रियों के पृथ्वी पर वापस लाने का निर्णय लिया। स्पेसएक्स की मदद से होगी वापसीस्टारलाइनर की विफलता के बाद, नासा ने स्पेसएक्स की मदद ली। स्पेसएक्स का ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट नियमित रूप से ISS के लिए उड़ान भरता है और वहां मौजूद एस्ट्रोनॉट्स को वापस लाता है। 28 सितंबर 2024 को स्पेसएक्स ने क्रू-9 मिशन लॉन्च किया, जिसमें चार अंतरिक्ष यात्री भेजे गए। इस मिशन में दो अतिरिक्त सीटें सुनीता और बुच के लिए खाली रखी गई थीं, ताकि वे इसी स्पेसक्राफ्ट से सुरक्षित लौट सकें। 15 मार्च 2025 को स्पेसएक्स ने क्रू-10 मिशन लॉन्च किया, जो 16 मार्च को ISS पहुंच गया, क्रू-9 मिशन के एस्ट्रोनॉट्स ने अपनी जिम्मेदारियां नए क्रू को सौंप दी हैं और अब वे पृथ्वी लौट रहे हैं।
वापसी में देरी क्यों हुई?
स्पेसएक्स के पास वर्तमान में चार ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट हैं, एंडेवर, रेजीलिएंस, एंड्योरेंस, और फ्रीडम। नासा ने शुरुआत में क्रू-10 मिशन के लिए एक नया स्पेसक्राफ्ट तैयार करने की योजना बनाई थी, लेकिन निर्माण में देरी के कारण यह संभव नहीं हो पाया। इस कारण से क्रू-10 मिशन को मार्च 2025 तक टालना पड़ा। स्पेस एक्स के मालिक एलन मस्क ने दावा किया था कि उन्होंने सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर को समय से पहले वापस लाने की पेशकश की थी, लेकिन बाइडेन प्रशासन ने इसे अस्वीकार कर दिया। फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में मस्क ने कहा कि “राजनीतिक कारणों से दोनों एस्ट्रोनॉट्स को स्पेस स्टेशन पर छोड़ दिया गया, जो सही नहीं था। अब जब सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, तो आज सुनीता विलियम्स और उनके साथी सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर लौटेंगे।




