नई दिल्ली/रफ्तार न्यूज। लोकसभा चुनाव के बाद संसद में आज अखिलेश यादव ने पहली बार भाषण दिया। अपने भाषण में वो केंद्र सरकार पर हमला करने के अलावा उत्तर प्रदेश को भी साधते दिखे। अखिलेश यादव ने संसद में 29 मिनट भाषण दिया। अपने भाषण में उन्होंने उत्तर प्रदेश, अयोध्या, काशी और अवधेश प्रसाद का कई बार उदाहरण दिया।
उन्होंने अयोध्या में अपनी जीत पर कहा कि अवधेश प्रसाद की अयोध्या में जीत भगवान राम का संदेश है। उन्होंने कहा कि ये जिसको लाने की बात कह रहे थे वो खुद दूसरों के भरोसे हैं। अखिलेश यादव ने अपने भाषण में इन 7 बातों पर बात कर सरकार पर निशाना साधा।
ट्रिलियन इकॉनोमी के लिए यूपी का ग्रोथ 35 फीसदी होना जरूरी
राष्ट्रपति अभिभाषण पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 1 ट्रिलियन इकॉनोमी की बात की जाती है। लेकिन यूपी को इस लक्ष्य को पाने के लिए प्रति वर्ष 35 फीसदी का ग्रोथ जरूरी है। जो यूपी में कहीं दिखाई नहीं देता है। उन्होंने कहा कि बिना लोगों की आय बढ़ाये आप एक ट्रिलियन इकॉनोमी कैसे बना पाओगे। उत्तर प्रदेश हंगर इंडेक्स में सबसे नीचे है लेकिन बात ट्रिलियन डॉलर इकॉनोमी की हो रही है।
अयोध्या के इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी जमकर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने अपने संबोधन के दौरान अयोध्या के विकास पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राम मंदिर का गर्भ गृह पहली ही बारिश में टपकने लगा। यहीं नहीं अयोध्या में बनाये गए सड़क और दीवार भी टूट गए हैं। क्या सरकार इस विनाश की जिम्मेदारी लेगी।
वाराणसी में फैली गंदगी और बात कर रहे हैं विकास की
अखिलेश यादव ने अपने भाषण में वाराणसी में फैली गंदगी और गंगा नदी के प्रदूषण को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वाराणसी के लोग क्योटो की फोटो लेकर हर को ढूंढ रहे हैं लेकिन वहां सिर्फ कीचड़ ही नसीब हो रहा है।
अयोध्या की जीत पर सरकार को घेरा
अखिलेश ने अपने संबोधन में अयोध्या की जीत पपर कहा कि पूरे देश में अयोध्या की चर्चा हो रही है। इस जीत पर बीजेपी वाले समझ गए हैं कि हम अयोध्या से प्रेम का पैगाम लाए हैं। अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने कहा कि- होइए वही जो राम रचि राखा। जो लोग राम को लाने की बात कह रहे थे वो खुद दूसरों के भरोसे आए हैं।
क्या है यूपी के आदर्श गांवों की स्थिति
सपा सुप्रीमो ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण में आदर्श गांवों का जिक्र क्यों नहीं है। उन्होंने कहा कि यूपी में प्रधान सांसद समेत कई सांसदों ने गांव गोद लिए थे। आज किसी भी सांसद को उन गांवों का नाम भी नहीं पता है।
एक्सप्रेस-वे के जरिये खुद की गिनाई उपलब्धि
अपन संबोधन में उन्होंने कहा कि हमने जिस एक्सप्रेस-वे का निर्माण कराया था उसपर सेना का जहाज उतरा, लेकिन आज सरकार जिन सड़कों का निर्माण करवाती है। उसपर नाव उतरती है।
आवारा पशुओं से परेशान किसानों की नहीं ले रहा कोई सुध
अखिलेश यादव ने संसद में यूपी के आवारा पशुओं से निजात दिलाने की मांग की है। उनहोंने कहा कि इसको लेकर पीएम ने वादा भी किया था लेकिन कुछ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि तराई बेल्ट और पूर्वांचल में आवारा पशु बड़ी समस्या हैं। इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।
इसके अलावा उन्होंने गन्ना किसानों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की भुगतान अभी भी रोक रखी है। इसे कब जारी किया जाएगा। इसका कोई जवाब नहीं दे रहा है। आज महंगाई को देखकर बताइये कि किसानों की आय दोगुनी कब होगी और कितनी होगी।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





