नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। आंध्र प्रदेश सरकार ने महिलाओं के लिए एक बड़ी राहत की घोषणा की है। राज्य के परिवहन मंत्री मंडिपल्ली रामप्रसाद रेड्डी ने बताया कि 15 अगस्त 2025 से राज्य भर की महिलाएं बसों में बिना किराया दिए सफर कर सकेंगी। यह योजना खासकर कृषि मजदूर, दिहाड़ी मजदूर और अन्य गरीब वर्ग की महिलाओं के लिए लाभदायक साबित होगी। करीब 25 लाख महिलाओं को इससे फायदा होगा।
सभी श्रेणी की बसों में लागू होगी सुविधा
यह मुफ्त यात्रा सुविधा पल्ले-वेलुगु, लग्जरी और अल्ट्रा-लक्जरी जैसी सभी प्रकार की बसों में लागू होगी। इससे राज्य के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाएं बिना किसी परेशानी के लंबी दूरी की यात्रा कर सकेंगी।
चुनावी वादे को किया पूरा
इस योजना से सरकार के खजाने पर सालाना करीब 3,500 करोड़ रुपये का बोझ पड़ेगा, लेकिन सरकार का मानना है कि यह खर्च राज्य की महिलाओं के सशक्तिकरण में एक महत्वपूर्ण निवेश है। यह योजना तेलुगु देशम पार्टी सरकार की उस “सुपर सिक्स गारंटी” का हिस्सा है, जिसका वादा चुनाव से पहले किया गया था। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आने वाले समय में सिर्फ एसी इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जाएंगी और मौजूदा डीजल बसों को भी इलेक्ट्रिक में बदला जाएगा।
महिलाओं की आज़ादी और अवसर बढ़ेंगे
परिवहन मंत्री रेड्डी ने कहा कि मुफ्त बस सेवा महिलाओं की आज़ादी, गतिशीलता और रोजगार के अवसरों को बढ़ाएगी। महिलाएं अब ज्यादा दूर जाकर काम, पढ़ाई या अन्य ज़रूरतों के लिए यात्रा कर सकेंगी। दिल्ली और तेलंगाना के बाद अब आंध्र प्रदेश भी महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा का तोहफा देने जा रहा है। यह योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है, जिससे गरीब और ग्रामीण इलाकों की महिलाएं ज्यादा मजबूत बन सकेंगी।





