नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । इंदौर के चर्चित हनीमून मर्डर केस में बड़ा मोड़ सामने आया है। पूर्वी खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक विवेक सिम ने जानकारी दी है कि जांच के दौरान सोनम रघुवंशी और राज कुशवाहा ने अपने प्रेम संबंध की बात स्वीकार कर ली है। मेघालय पुलिस के मुताबिक, सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश रची थी। यह हत्या हनीमून ट्रिप के दौरान की गई थी, जिसे सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। राज्य की विशेष जांच टीम (SIT), जो इस मामले की बारीकी से जांच कर रही है उसने पीड़ित परिवार द्वारा सोनम के नार्को टेस्ट की मांग को खारिज कर दिया है। जांच टीम का कहना है कि उनके पास पहले से ही पर्याप्त सबूत मौजूद हैं, जिससे सच सामने लाया जा सकता है।
“नार्को टेस्ट की जरूरत नहीं, सबूत पर्याप्त हैं”
पुलिस ने साफ किया है कि सोनम रघुवंशी और राज कुशवाहा के खिलाफ पर्याप्त सबूत मौजूद हैं, इसलिए नार्को टेस्ट की आवश्यकता नहीं है। ईस्ट खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक विवेक सिम ने बयान में कहा, “राज और सोनम दोनों ने न सिर्फ अपने प्रेम संबंध को स्वीकार किया है, बल्कि अपराध को भी कबूल कर लिया है। हमने हत्या स्थल क्राइम सीन रिक्रिएशन किया, जिसमें उन्होंने खुद दिखाया कि राजा रघुवंशी की हत्या कैसे की गई।” पुलिस अधीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि नार्को टेस्ट के परिणाम अदालत में कानूनी रूप से स्वीकार्य नहीं होते हैं। उन्होंने कहा, “हमारे पास पहले से ही पर्याप्त और ठोस सबूत हैं, इसलिए मौजूदा स्थिति में नार्को टेस्ट की कोई आवश्यकता नहीं है।”
पुलिस ने भी माना, राजा की हत्या के पीछे यही वजह थी
पुलिस अधीक्षक विवेक सिम ने कहा कि यह मामला बेहद सावधानी के साथ सुलझाया जा रहा है। जांच केवल इकबालिया बयानों पर निर्भर न रहकर ऐसे ठोस और वैध सबूतों पर आधारित की जा रही है, जो अदालत में स्वीकार्य हों। उनका कहना था कि इसका मकसद जल्द से जल्द एक ऐसा आरोपपत्र तैयार करना है, जो कानूनी तौर पर मजबूत हो।
अधिकारी ने यह संकेत भी दिया कि सोनम ने अपने पति राजा रघुवंशी को अपनी जिंदगी से हटाने और राज कुशवाहा के साथ रहने के इरादे से यह साजिश रची होगी। उन्होंने कहा, “सोनम और राज, दोनों ही राजा को खत्म करना चाहते थे क्योंकि वे एक-दूसरे के साथ रिश्ते में थे। सामाजिक रीति-रिवाजों और पारिवारिक दबाव के चलते उन्हें अपने संबंधों को लेकर सभी की सहमति लेनी पड़ती। ऐसे में उन्होंने सोचा कि राजा को रास्ते से हटा देना ही बेहतर विकल्प होगा।”
रिवॉल्वर, बैग और गहने गए कहां ?
मेघालय पुलिस अब इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के मालिक लोकेंद्र तोमर से पूछताछ करने की तैयारी में है। तोमर का एक फ्लैट इंदौर में है, जहां सोनम रघुवंशी ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से गिरफ्तार होने से पहले कुछ समय के लिए स्टे किया था। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सोनम द्वारा फ्लैट में छोड़ा गया बैग आखिर क्यों हटाया गया। ऐसा माना जा रहा है कि उस बैग में एक देसी रिवॉल्वर, सोनम का मोबाइल फोन, गहने और लगभग 5 लाख रुपये नकद मौजूद थे।
हनीमून मर्डर केस में आठवीं गिरफ्तारी, लोकेंद्र तोमर से होगी पूछताछ
अब पुलिस को शक है कि हत्या के बाद सबूत मिटाने की कोशिश की गई थी। इसी सिलसिले में दो लोगों पर सबूतों से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अभी तक वे गहने बरामद नहीं हो सके हैं जो सोनम रघुवंशी कथित तौर पर मेघालय से वापस लेकर आई थी। इस केस में प्रॉपर्टी डीलर सिलोम जेम्स, सुरक्षा गार्ड बलवीर और फ्लैट मालिक लोकेंद्र तोमर को गुरुवार को शिलांग की अदालत में पेश किया जाएगा। साथ ही सिलोम जेम्स और बलवीर को आगे की पूछताछ के लिए शिलांग लाया जा रहा है।




