नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में हाल ही में आयोजित सेमेस्टर परीक्षाओं के दौरान सामने आई गंभीर अनियमितताओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर एबीवीपी ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए तत्काल सुधार और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
परीक्षा केंद्रों पर दिखी भारी अव्यवस्था
सेमेस्टर परीक्षाओं के दौरान DU के कई परीक्षा केंद्रों पर अव्यवस्थाएं देखने को मिलीं। कई केंद्रों पर समय पर प्रश्नपत्र उपलब्ध नहीं कराए गए मार्किंग स्कीम को लेकर छात्रों में भ्रम की स्थिति बनी रही कई प्रश्नपत्रों में भाषा संबंधी गलतियां पाई गईं कुछ पेपरों में गलत प्रश्न पूछे जाने के भी मामले सामने आए इन समस्याओं की वजह से छात्रों को भारी मानसिक तनाव और परेशानी का सामना करना पड़ा।
छात्रों के हित में ABVP का लगातार विरोध
एबीवीपी ने इन अनियमितताओं को लेकर परीक्षा के दौरान भी विरोध दर्ज कराया था। शुक्रवार को बड़ी संख्या में छात्र प्रदर्शन में शामिल हुए और दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने परीक्षा व्यवस्था में सुधार, छात्रों के हितों की सुरक्षा और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। एबीवीपी ने स्पष्ट कहा कि छात्रों के साथ हुए अन्याय का तत्काल समाधान किया जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए पारदर्शी जवाबदेह और मजबूत परीक्षा प्रणाली लागू की जाए। परिषद का कहना है कि बार-बार हो रही ऐसी चूक से विश्वविद्यालय की साख को नुकसान पहुंच रहा है।
प्रशासन की लापरवाही छात्रों के भविष्य से खिलवाड़
एबीवीपी दिल्ली प्रांत के मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में से एक है, लेकिन परीक्षाओं में लगातार हो रही लापरवाही छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि समय पर प्रश्नपत्र न मिलना, गलत प्रश्न और अस्पष्ट मूल्यांकन व्यवस्था विश्वविद्यालय प्रशासन की गंभीर विफलता को दर्शाती है। सार्थक शर्मा ने साफ शब्दों में कहा कि जब तक इन अनियमितताओं का स्थायी समाधान नहीं हो जाता, तब तक एबीवीपी छात्रों के अधिकारों के लिए अपना आंदोलन जारी रखेगी। परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो विरोध और तेज किया जाएगा।




