नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। 25 फरवरी को दिल्ली विधानसभा में CAG की रिपोर्ट पेश की गई। इस रिपोर्ट में दावा किया गया कि आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल में 2000 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। इस पर AAP के वरिष्ठ नेता और विधायक गोपाल राय ने प्रतिक्रिया दी।
गोपाल राय बोले- “दो साल से जांच चल रही है लेकिन कुछ नहीं मिला
गोपाल राय ने आरोप लगाया कि पिछले दो सालों से बीजेपी सरकार एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है और AAP नेताओं के खिलाफ जांच करवा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस सबूत नहीं मिला। उन्होंने कहा, “BJP दो साल से सारी एजेंसियों को हमारे पीछे लगाकर जांच कर रही है, लेकिन आज तक चवन्नी नहीं मिली।
हम सभी जांचों के लिए तैयार हैं
गोपाल राय ने कहा कि उनकी पार्टी किसी भी जांच से डरती नहीं है और पूरी तरह से सहयोग के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, “बिना परमिशन के नेताओं को जेल में डाल दिया गया। लेकिन अब तक कोई ठोस प्रमाण नहीं मिले। इन सब से कुछ नहीं होगा, सरकार को जनता के लिए काम करना पड़ेगा।AAP नेता ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उद्योगपति गौतम अडानी के कथित भ्रष्टाचार पर सवाल उठ रहे हैं, तो उसकी भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा, “उस पर भी रिपोर्ट लेकर आएं ताकि पता चले कि सच्चाई क्या है और झूठ क्या।
‘जेल भेजने का काम अदालत का है’
बीजेपी ने आरोप लगाया कि इस रिपोर्ट के बाद AAP नेताओं को जेल जाना पड़ सकता है। इस पर गोपाल राय ने कहा, “जेल भेजने का काम अदालत का होता है, न कि बीजेपी का। अदालत बार-बार एजेंसियों से सबूत मांग रही है, लेकिन अब तक कुछ भी नहीं मिला, इसलिए ज़मानत मिल गई। लेकिन जनता के मुद्दों से भागने नहीं देंगे” गोपाल राय ने कहा कि उनकी पार्टी हर स्थिति के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, “अगर दोबारा जेल भेजेंगे तो भी जाने को तैयार हैं। अगर फांसी पर भी लटकना पड़े तो उसके लिए भी तैयार हैं। लेकिन बीजेपी को जनता के मुद्दों से भागने नहीं देंगे। कैग की रिपोर्ट पर AAP और बीजेपी आमने-सामने आ गए हैं। जहां बीजेपी इसे बड़ा घोटाला बता रही है, वहीं AAP इसे राजनीति से प्रेरित आरोप कह रही है। अब देखना होगा कि आगे इस मुद्दे पर क्या कानूनी कार्रवाई होती है।




