नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। दिल्ली की सियासत से बहुत बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज महिला सम्मान निधि को लागू करने की घोषणा कर दी। इस योजना में महिलाओं के हर महीने 1-1 हजार रुपये मिलेंगे। हालांकि उन्होंने कहा कि अगर आम आदमी पार्टी चुनाव जीतती है तो यह राशि बढ़कर 2100 रुपये कर दी जाएगी। हाल ही में अरविंद केजरीवाल दिल्ली के कोंडली में एक ऑटो ड्राइवर घर पहुंचे थे जहां से उन्होंने ऑटो वालों के लिए भी कई अहम ऐलान किए हैं।
चुनाव में जीत के बाद बढ़ जाएगी राशि- अरविंद केजरीवाल
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी की अध्यक्षता में गुरुवार को कैबिनेट की बैठक हुई जिसमें महिला सम्मान निधि योजना को मंजूरी मिल गई। इसके बाद सार्वजनिक मंच से अरविंद केजरीवाल ने घोषणा करते हुए बताया कि इस योजना के तहत दिल्ली की नागरिक महिला जिनकी उम्र 18 साल के ऊपर है उन्हें हर महीने 1-1 हजार रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अगर आम आदमी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करती है तो यह राशि 2100 रुपये हो जाएगी। इस योजना की घोषणा 4 मार्च को की गई थी।
हाल ही में ऑटोवालों को भी दी सौगात
हाल ही में अरविंद केजरीवाल दिल्ली के कोंडली इलाके में एक ऑटोवाले के घर खाना खाने पहुंचे थे जहां से उन्होंने कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने ऑटोवालों के लिए 10-10 लाख रुपये के इंश्योरेंस देने का ऐलान किया। इसके अलावा उन्होंने ऑटोवालों की बेटी की शादी में 1-1 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया। न सिर्फ इतना बल्कि पूछो ऐप की मांग कर रहे ऑटोवालों की मांग को भी दिल्ली सरकार ने इसे मंजूर कर दिया।





