नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 से पहले आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बड़ा दांव चल दिया है। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में दलित छात्रों के उज्जवल भविष्य के लिए डॉक्टर आंबेडकर स्कॉलरशिप का ऐलान किया है। अरविंद केजरीवाल ने मोदी सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आंबेडकर पर गृहमंत्री अमित शाह के बयान का भी जिक्र किया और कहा कि गृहमंत्री ने आंबेडकर का अपमान किया।
केजरीवाल ने आंबेडकर सम्मान स्कॉलरशिप का ऐलान किया
अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘जब बाबा साहब आंबेडकर जिंदा थे, तब भी पूरे जीवन में उनका मजाक उड़ाया गया। भारत की संसद बाबा साहब आंबेडकर की वजह से है। लेकिन किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि इसी संसद में उनका मजाक उड़ाया जाएगा। हम इसकी निंदा करते हैं और बाबा साहब आंबेडकर के सम्मान में एक बड़ी घोषणा करने जा रहा हूं। मैं चाहता हूं कि दलित समाज का कोई भी बच्चा पैसों की तंगी के कारण उच्च शिक्षा से वंचित ना रह जाए।’
अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘मैं आज 21 दिसंबर 2024 को डॉक्टर आंबेडकर स्कॉलरशिप का ऐलान करता हूं, जिसके तहत दलित समाज का कोई भी बच्चा दुनिया की किसी भी बड़ी यूनिवर्सिटी में पढ़ना चाहता है तो वो बच्चा उस यूनिवर्सिटी में सिर्फ दाखिला ले ले, उसकी पढ़ाई लिखाई का सारा खर्च दिल्ली सरकार उठाएगी।’
दलित वर्ग के सरकारी कर्मचारियों के बच्चे भी होंगे योजना के पात्र
अरविंद केजरीवाल ने यह भी साफ किया कि डॉक्टर आंबेडकर स्कॉलरशिप की इस योजना का दलित वर्ग से आने वाले सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के बच्चे भी लाभ उठा पाएंगे। इन सभी को भी डॉक्टर आंबेडकर स्कॉलरशिप का लाभ दिया जाएगा। इसके बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जिस तरह से संसद में भारतीय जनता पार्टी ने अपमान किया है, उसके जवाब में हम बाबा साहेब के सम्मान में दलित वर्ग के लिए इस बड़ी योजना को लेकर आए हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने क्या कहा था?
मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 17 दिसंबर 2024 को राज्यसभा में संविधान के चर्चा के दौरान कहा था कि आजकल बाबा साहब आंबेडकर का नाम लेना एक बड़ा फैशन बन गया है। आंबेडकर, आंबेडकर, आंबेडकर। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि अगर इतना नाम भगवान का लेते तो सात बार स्वर्ग की प्राप्ति हो जाती।




