नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। हाल ही में जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव (JK Election Results) के नतीजे सामने आए हैं जिसमें नेशनल कांफ्रेंस ने 42 सीट जीती और कांग्रेस ने 6 सीट जीती और यह गठबंधन बहुमत के पार हो गया। विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से उमर अबदुल्ला को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। इस बैठक के बाद कांग्रेस के साथ भी समन्वय बैठक की गई जिसमें कांग्रेस को इस फैसले की जानकारी दी गई। हालांकि अब आम आदमी पार्टी ने भी जम्मू कश्मीर सरकार को समर्थन देने का फैसला किया है।
जम्मू कश्मीर LG को सौंपा समर्थन पत्र
शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (AAP) ने आधिकारिक घोषणा कर बताया कि आम आदमी पार्टी के जम्मू कश्मीर की डोडा विधानसभा (Doda Assembly Seat) से जीते मेहराज मलिक जम्मू कश्मीर सरकार को समर्थन देंगे जिससे संबंधित समर्थन पत्र उन्होंने LG मनोज सिन्हा को सौंप दिया है। मेहराज मलिक (AAP MLA Mehraj Malik) ने गजय सिंह राणा को हराकर डोडा विधानसभा से जीत दर्ज की थी।
मेहराज मलिक डोडा क्षेत्र के उभरते हुए और लोकप्रिय नेता हैं
Doda Assembly Seat पर BJP के गजय सिंह राणा मेहराज के निकटतम प्रतिद्वंद्वी रहे। मलिक को 22,944 वोट मिले, उन्होंने 4770 वोटों के अंतर से चुनाव जीता है। मेहराज मलिक डोडा क्षेत्र के उभरते हुए और लोकप्रिय नेता हैं। मेहराज मलिक को विनम्र स्वभाव का बताया जाता है, उनका अपने क्षेत्र के साथ अच्छा खासा जुडाव है। उन्होंने अपने अच्छे कार्यों और परिश्रम के दम पर डोडा में जनता के बीच एक अच्छी पकड़ बनाई है। मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार मेहराज मलिक ने अपने क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई का अभियान चलाया। उन्होंने सुशासन और जनता की सेवा में अधिक ध्यान दिया। यही कारण है कि उन्होंने जम्मू-कश्मीर में AAP का खाता खोला है।





