नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। दिल्ली की सियासत में भी होली के आते ही तरह तरह के रंग दिखाई देने लगे हैं। दिल्ली में जब से सरकार बदली है तब से आम आदमी पार्टी हमलावर मोड में दिखाई दे रही है। चुनाव के दौरान बीजेपी की ओर से महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये देने का वादा किया गया था। जब पहली कैबिनेट में इसे पास नहीं किया गया तो नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने विधानसभा में बीजेपी सरकार के खिलाफ मोर्च खोल दिया था। अब होली के करीब आते ही आतिशी ने कहा कि होली आ गई है, महिलाओं को फ्री सिलेंडर का वादा किया गया था, लेकिन अभी तक नहीं दिया गया है।
आम आदमी पार्टी BJP पर हमलावार
आतिशी बीजेपी पर दिल्लीवालों को धोखा देने का आरोप लगा रही हैं। उनका कहना है कि बीजेपी ने वादा किया था कि होली दिवाली जैसे त्योहारों पर दिल्ली के प्रत्येक घर को फ्री सिलेंडर दिया जाएगा। आज होलिका दहन है कल रंगो वाली होली खेली जाएगी। लेकिन बीजेपी की सरकार ने अभी तक अपना वादा पूरा नहीं किया है औऱ न ही कोई आधिकारिक घोषणा की गई है। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता इसे लेकर बीजेपी को घेर रहे हैं। बुधवार को करीब 40 जगहों पर विरोध किया गया था। विरोध के दौरान दिल्ली पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया था।
2500 रुपये प्रतिमाह पर भी दिखा था विरोध
इससे पहले आतिशी के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के विधायकों ने दिल्ली विधानसभा में इसके 2500 रुपये प्रतिमाह न दिए जाने के खिलाफ आवाज उठाई थी। उनका कहना था कि द्वारका की रैली में पीएम मोदी ने ऐलान किया था कि पहली कैबिनेट में ही महिलओं को 2500 प्रतिमाह देने के प्रस्ताव पर मुहर लग जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। विरोध प्रदर्शन के चलते आम आदमी पार्टी के 21 विधायकों को निलंबन का सामना भी करना पड़ा था।





