नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। रंगों का त्योहार होली पर धूम मचाने के लिए लोगों ने पूरी तैयारी कर ली है। वहीं इस दिन दिल्ली से लेकर कुछ राज्यों में बारिश हो सकती है। इस संबंध में मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 15 मार्च तक देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, बर्फबारी और आंधी-तूफान की स्थिति बनी हुई है। जानिए किन राज्यों के लिए जारी हुई चेतावनी।
बारिश का अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) से मिली जानकारी के अनुसार आने वाले दिनों में जम्मू-कश्मीर से बिहार तक, पश्चिम बंगाल से लेकर उत्तर-पूर्वी क्षेत्र और केरल से तमिलनाडु में बारिश का अलर्ट जारी किया है। यह चेतावनी 15 मार्च तक जारी रहेगी।
बन रहे अलग-अलग दो सिस्टम
मौसम केन्द्र ने बताया कि बारिश के दो सिस्टम एक्टिव हुए हैं, जिसमें पहला सिस्टम इराक से शुरू होकर धीरे-धीरे भारत के उत्तरी राज्यों की ओर बढ़ रहा है। इसके कारण दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के राज्यों में बारिश हो सकती है। वहीं दूसरा चक्रवात बांगलादेश से होते हुए भारत की ओर बढ़ रहा है। इस सिस्टम के कारण अगले पांच दिनों में पूर्वी और उत्तर-पूर्वी राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है।
14 मार्च को होली के दिन भी बारिश के आसार
आईएमडी ने 15 मार्च तक देश के विभिन्न हिस्सों में बारिश का अनुमान जताया है। ऐसे में 14 मार्च को होली का त्योहार मनाया जाएगा, इस दिन रंग-गुलाल खेला जाना है। बारिश की आशंका के चलते एक ओर जहां हुरदंगों की टोली खुश हो रही है तो वहीं कुछ लोगों की इस दिन की प्लानिंग पर पानी फिर सकता है।
इन राज्यों में तेज बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में जहां 10 से 15 मार्च के बीच बारिश की संभावना है तो पंजाब और हरियाणा में 12 और 13 मार्च को बारिश के साथ तूफान की स्थिति बनेगी। वहीं राजस्थान में 13 से 15 मार्च के बीच तो अरुणाचल प्रदेश, असम, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, मेघालय और त्रिपुरा में 11 से 15 मार्च तक भारी बारिश की चेतावनी जारी हुई है। इसके अलावा दक्षिण भारतीय राज्यों में भी इस दौरान बारिश हो सकती है।





