नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। महाराष्ट्र के नागपुर से एक बेहद ही दर्दनाक घटना सामने आ रहीं है। यहां एक कंपनी में हुए विस्फोट से 5 लोगों की मौत हो गई है। और इस विस्फोट में 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन का कहना है कि मृतकों की संख्या और भी बढ़ सकती है। विस्फोट की सूचना मिलते ही मौके पर कई दमकल की गाड़ियां और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गए। जिसके बाद दमकल कर्मियों ने रेस्क्यू चलाकर अभी तक कुछ झुलसे हुए मजदूरों का बाहर निकाला है जिन्हे इलाज के लिए हॉस्पिटल भेजा गया है।
नागपुर के धामना इलाके में चामुंडा बारूद फैक्टरी में हुआ ब्लास्ट
अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, नागपुर के धामना इलाके में चामुंडा बारूद फैक्टरी में यह हादसा हुआ है। हादसे के बाद मौके पर तमाम आला-अधिकारी विस्फोट वाले जगह पहुंच गए हैं। इस घटना के बाद राहत और बचाव का काम किया जा रहा है। ब्लास्ट इतना तेज था कि आस-पास के कई इलाकों तक इसकी गूंज सुनाई दी है। ब्लास्ट के तुरंत बाद फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि कई किलोमीटर दूर तक इसका धुंआ दिखाई दिया।
ब्लास्ट के वक्त कंपनी में कई मजदूर थे मौजूद
स्थानीय लोगों ने ब्लास्ट की सूचना दमकल विभाग को दी जिसके बाद आनन-फानन में दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची। करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भी अभी तक दमकल विभाग को आग पर पूरी तरह से काबू नहीं मिल पाया है। अभी भी दमकल की गाड़ियों मौके पर हैं और आग बुझाने की कोशिश कर रहीं है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जब फैक्ट्री में ब्लास्ट हुआ उस वक्त इस कंपनी में कई मजदूर अंदर ही मौजूद थे, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं। हालांकि अभी तक आग के कारणों का पता नहीं चल सका है। जबकि ब्लास्ट वाली जगह नागपुर से करीब 25 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




