नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । महाराष्ट्र के जलगांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसके बाद एक बार फिर बहन-बेटियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ गए हैं। यहां केंद्रीय मंत्री की बेटी के साथ कुछ बदमाशों द्वारा छेड़खानी का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद बीजेपी नेता रक्षा खडसे खुद पुलिस स्टेशन पहुंचीं, तब जाकर पुलिस एक्शन मोड में आई। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 6 अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुक्ताईनगर में यात्रा महोत्सव के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री रक्षा खडसे की बेटी अपनी सहेलियों के साथ घूमने गई थी। इस दौरान कुछ मनचले लड़कों ने उन पर भद्दी टिप्पणियां शुरू करते हुए वीडियो भी बना लिया। जब खडसे के सुरक्षा गार्ड ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो युवकों ने धक्का-मुक्की शुरू कर दी। आरोपी युवकों ने अपनी हरकतें जारी रखीं। हालात इतने बिगड़ गए कि लड़कियों को भी कथित तौर पर धक्का लगा।
केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे भी पुलिस थाने पहुंची
घटना के बाद सुरक्षा गार्ड पुलिस स्टेशन पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। उनके पीछे-पीछे बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे भी पुलिस थाने पहुंच गईं। वहां उन्होंने पुलिस पर नाराजगी जाहिर की। मुक्ताईनगर थाना पुलिस ने बताया कि बदमाशों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, मोलेस्टेशन और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी अनिकेत भोई का पहले से ही क्रिमिनल रिकॉर्ड दर्ज है।
बता दें कि महाशिवरात्रि के अवसर पर मुक्ताईनगर में आदिशक्ति मुक्ताबाई की तीर्थयात्रा हर साल आयोजित की जाती है। केंद्रीय राज्य मंत्री की बेटी मंदिर दर्शन के लिए तीर्थ यात्रा पर गई थी। इस तीर्थ यात्रा के दौरान कुछ शरारती लड़कों ने उसका पीछा किया और उनके वीडियो बना लिए थे।
केंद्रीय मंंत्री ने जाहिर किया गुस्सा
केंद्रीय मंत्री ने इस घटना के बाद अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि यदि महाराष्ट्र में एक मंत्री की बेटी ही सुरक्षित नहीं है तो आम लोगों की बेटियों और बहनों का क्या होगा? प्रदेश सरकार से आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने इस संबंध मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भी जानकारी दी है।




