नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। दिल्ली की कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल होती दिखाई दे रही है। न तो सार्वजनिक जगह और न ही स्कूल, कोई भी जगह सेफ नहीं दिख रही। ताजा मामला दिल्ली के पॉश इलाके वसंत विहार के चिन्मय स्कूल का है। इस स्कूल में छठी क्लास में पढ़ने वाले एक छात्र को अपने ही स्कूल में मृत पाया गया। जैसे ही हादसे की खबर पुलिस तक पहुंची वैसे ही पुलिस और FSL की टीम ने मौका ए वारदात पर पहुंच कर जांच शुरु कर दी थी। यह हादसा हत्या है या आत्महत्या इस बात को लेकर भी तस्वीर साफ नहीं हो रही है क्योंकि मृतक शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं है।
डॉक्टर्स ने छात्र को मृत घोषित किया
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मृतक छात्र अचानक जमीन पर गिर गया था जिसके बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आनन फानन में बच्चे को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां शुरुआती जांच के बाद डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने जानकारी दी कि मृतक छात्र के शरीर पर चोट के निशान नहीं थे जिसके चलते यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि दौरे पड़ने की वजह से ऐसा हुआ है। हालांकि घटना को लेकर कोई भी कोताही नहीं बरती जा रही है, लिहाजा पूरे प्रक्ररण की गहनता से जांच की जा रही है। मुंह से झाग निकलना पुलिस को किसी साजिश की तरफ संकेत कर रहा है। जांच के क्रम में पुलिस स्कूल में मौजूद बच्चों और टीचर्स की जांच करेगी। इसके बाद ही आगे की कार्यवाई की जाएगी।
अपनी स्कूली फुटबॉल टीम का कप्तान था मृतक
मृतक छात्र पढ़ाई लिखाई के अलावा अपने स्कूल की फुटबॉल टीम का कप्तान भी था जिसका EWS कोटे के तहत एडमिशन हुआ था। खबर फैलते ही परिजन स्कूल के सामने आ गए और स्कूल के बाहर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरु कर दिया। हंगामें को लगातार बढ़ता हुआ देख स्कूल को बंद कर दिया गया।





