कोलकाता, 11 जून (हि.स.)। प्रेसिडेंसी विश्वविद्यालय की उप कुलपति अनुराधा लोहिया का कार्यकाल दो वर्षों के लिए बढ़ा दिया गया है। उच्च शिक्षा विभाग के साथ विचार-विमर्श करने के बाद ही प्रेसिडेंसी विश्वविद्यालय प्रबंधन ने उपाचार्य का कार्यकाल बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब वह 10 जून 2023 तक प्रेसिडेंसी विश्वविद्यालय के उपाचार्य का पदभार संभालेंगी। हालांकि इस नियुक्ति को लेकर एक बार फिर से राज्य सरकार व राज्यपाल जगदीप धनखड़ के बीच मतभेद जाहिर हुए हैं। गुरुवार शाम उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में प्रोफेशर अनुराधा लोहिया का कार्यकाल बढ़ाने की सूचना दी गयी। साथ ही विज्ञप्ति में लिखा है कि उनके कार्यकाल को बढ़ाने के संबंध में राज्यपाल व विश्वविद्यालयों के आचार्य जगदीप धनखड़ को गत तीन जून को ही प्रस्ताव भेजा गया था। किन्तु उन्होंने उस प्रस्ताव का अभी तक कोई उत्तर नहीं दिया है। विज्ञप्ति में आगे लिखा है कि उपाचार्य का पद किसी भी विश्वविद्यालय के सभी अकादमीक व प्रशासनिक पदों में सर्वोच्य होता है। इसलिए इतने महत्वपूर्ण पद को विश्वविद्यालय, उसके विद्यार्थियों व अधिकारियों के भले के लिए रिक्त रखने का कोई औचित्य नहीं बनता है। प्रेसिडेंसी सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार वह वर्ष 2014 से विश्वविद्यालय की उपाचार्य का कार्यभार संभाल रही हैं। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश/मधुप




