बांकुड़ा, 23 मई (हि. स.)। बंगाल में भी कोरोना संक्रमितों में म्यूकोर माइकोसिस (ब्लैक फंगस) के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए राज्य सरकार सतर्क हो गई है। रविवार को बांकुड़ा जिले में इस रोग से तीन लोगों को संक्रमित होने की खबर आई है। फिलहाल तीनों बांकुड़ा सम्मिलनी मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं। अस्पताल सूत्रों के अनुसार इनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इनमें से एक व्यक्ति पुरुलिया और अन्य दो बांकुड़ा जिले के रहने वाले हैं। इस अस्पताल के अध्यक्ष डॉ. पार्थ प्रतीम प्रधान ने कहा कि तीनों ही कोरोना रोगी हैं और इनकी हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि इनमें से एक 67 साल के उम्र की महिला जबकि एक 37 और 45 वर्षीय पुरुष हैं। इस मामले के खबर फैलते ही इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल सरकार ने ब्लैक फंगस की रोकथाम और बचाव के लिए 20 सदस्यीय विशेषज्ञ कमेटी का गठन किया है। इस कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद राज्य सरकार ब्लैक फंगस को महामारी के तौर पर घोषित करने का निर्णय ले सकती है। हिन्दुस्थान समाचार/गंगा




