कोलकाता, एजेंसी। पश्चिम बंगाल में गुरुवार देर रात उस समय हाहाकार मच गया। जब आंधी के साथ भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 14 लोगों की मौत हो गई।
पांच जिले के लोग आए चपेट में
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी ने बताया कि तेज आंधी और बारिश के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से पूर्व बर्धमान जिले में चार लोगों की मौत हो गई। जबकि मुर्शिदाबाद और उत्तर 24 परगना में दो-दो लोगों की जान चली गई है। वहीं, पश्चिम मेदिनीपुर और हावड़ा ग्रामीण जिलों में छह लोग इसकी चपेट में आ गए है। मरने वाले लोगों में ज्यादातर किसान थे और आंधी-तूफान के समय घर से बाहर थे।
देर शाम से मौसम हुआ था खराब
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक गुरुवार शाम से ही राजधानी कोलकाता के साथ हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम बर्धमान, मुर्शिदाबाद सहित दक्षिण बंगाल के विस्तृत इलाकों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश शुरू हुई थी। इसके साथ ही बिजली भी कड़क रही थी। अलीपुर स्थित क्षेत्रीय मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि गुरुवार शाम 4:00 बजे से ही बारिश और आंधी-तूफान की शुरुआत हो गई थी।




