कोलकाता, 21 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ आज यानी सोमवार से उत्तर बंगाल का एक सप्ताह के दौरे पर जा रहे हैं। भाजपा सांसद पर बंगाल को विभाजित करने की अटकलों के बीच राज्यपाल का यह दौरा अहम माना जा रहा है। राज्यपाल ने खुद ट्वीट करके उत्तर बंगाल के दौरे पर निकलने की जानकारी दी है। वे सोमवार को दोपहर में उत्तर बंगाल के दौरे पर निकलेंगे। इस दौरान मीडिया से भी बातचीत करेंगे। वह आज दोपहर 1.40 बजे बागडोगरा एयरपोर्ट पहुंचेंगे। प्रेस कांफ्रेंस के बाद वह कार्शियांग होते हुए दार्जिलिंग पहुंचेंगे। उल्लेखनीय है कि राज्यपाल और ममता सरकार के बीच पहले ही काफी तल्खी चल रही है। उन्होंने ममता सरकार की अपील को ठुकराते हुए चुनाव के बाद हुई हिंसा से ग्रस्त इलाकों का दौरा किया था। अब वे एक बार फिर उत्तरी बंगाल के दौरे पर निकल रहे हैं। राज्यपाल का दार्जिलिंग जाने का भी कार्यक्रम है। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश/सुगंधी





