बांकुड़ा, 02 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में लॉकडाउन के दौरान राज्य सरकार की नई गाइडलाइन पर कई व्यावसायियों ने सवाल उठाए हैं। व्यावसायियों ने सवाल किया कि छोटी-छोटी दुकानों में कौन सी दुकानें आएंगी, यह स्पष्ट नहीं है। दरअसल, सरकार ने मंगलवार को लॉकडाउन के दौरान कुछ राहत देते हुए नई गाइडलाइन जारी की थी। नई गाइडलाइन में कहा गया है कि अब छोटी-छोटी दुकानें भी दोपहर 12 से तीन बजे तक खुली रहेंगी। इस दौरान साड़ी और गहनों की दुकानों को भी खोलने की छूट दी गई है। व्यवसायियों ने सवाल उठाया है कि छोटी-छोटी दुकानों के अंतर्गत कौन- कौन सी दुकानें आएंगी? यह आम जनता के समझ के बाहर है। सरकार को यह स्पष्ट करना होगा। खासकर किराना की दुकान भी छोटी-छोटी दुकानों के अंतर्गत ही आती है। इसलिए राज्य में अधिकतर जगहों पर किराना दुकान दोपहर तक खोलेेे जा रहे हैं। इस बारे में बांकुड़ा जिले के चेंबर ऑफ कॉमर्स के सह सचिव मधुसूदन दरीपा ने बुधवार को कहा कि सरकारी निर्देश में स्पष्ट कहा गया है कि हाट बाजार, फल, सब्जी, मोदिखाना दुकान सभी सुबह सात बजे से दोपहर 10:00 बजे तक खुली रहेगी। बाकी खुदरा दुकानें दोपहर 12:00 बजे से लेकर तीन बजे तक खुली रहेंगी। मिठाई की दुकान है शाम 5:00 बजे तक खुली रहेगी। इस बारे में हम लोगों ने व्यवसायियों को सूचित कर दिया है। हिन्दुस्थान समाचार/गंगा




