-मंदिर समिति ने मुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री को दिया आमंत्रण गोपेश्वर, 06 मार्च (हि.स.)। चमोली जिले के पिंडर घाटी के सिद्धपीठ लाटूधाम के कपाट छह माह के लिए 26 अप्रैल को खुलेंगे। सिद्धपीठ मंदिर समिति ने मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री को आमंत्रित किया है। मंदिर समिति वांण के अध्यक्ष कृष्णा बिष्ट ने बताया कि गणना के अनुसार इस साल वांण स्थित लालू सिद्धपीठ के कपाट 26 अप्रैल को खोले जाएंगे। इसके बाद मंदिर में अगले छह माह तक श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि थराली की विधायक मुन्नी देवी शाह के नेतृत्व में शिष्टमंडल शनिवार को भराड़ीसैंण में मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज से मुलाकात की और सिद्धपीठ आने के लिए आमंत्रित किया। दोनों नेताओं ने कपाट खुलने के मौके पर वांण पहुंचने का आश्वासन दिया है। प्रतिनिधिमंडल ने थराली-देवाल-लोहाजंग-वांण मोटर सड़क के हाॅट मिक्सिंग कराने की मांग की है। शिष्टमंडल में हाटकल्याणी वार्ड से जिपंस कृष्णा बिष्ट, मुंदोली के ग्राम प्रधान आनंद बिष्ट आदि मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार/जगदीश/मुकुंद




