नैनीताल, 22 मार्च (हि.स.)। सरोवर नगरी नैनीताल को साफ और स्वच्छ बनाने के ’नेस्ले समर्थित हिलदारी अभियान’ के अन्तर्गत नगर पालिका क्षेत्र में प्रयोग की जा चुकी निष्प्रयोज्य सामग्री से बने 10 खूबसूरत कूड़ेदान लगवाने की पहल की गई है। माल रोड, पुराने बस अड्डे, नगर पालिका कार्यालय, स्टेट बैंक मल्लीताल व तल्लीताल आदि स्थानों पर लगाए जा रहे यह कूड़ेदान स्थानीय नागरिकों के साथ पर्यटकों के लिए भी कौतूहल का विषय बने हुए हैं। नगर पालिका अध्यक्ष सचिन नेगी ने कहा है कि ऐसे कूड़ेदानों का मकसद लोगों में जागरुकता फैलाना है कि जिस कूड़े को लोग फेंक देते हैं उनका कितना अच्छा उपयोग हो सकता है। अधिशासी अधिकारी अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि कूड़ा प्रबंधन पर हर नागरिक को जागरूक होने की जरूरत है। यह पहल भारत सरकार के ‘वेस्ट टू रिसोर्स’ के नारे को साकार करने की ओर भी एक कदम है। हिलदारी अभियान नैनीताल के प्रोजेक्ट लीड बृज तिवारी ने बताया कि यह 10 कूड़ेदान प्रयोग किए गए करीब 125 किलोग्राम ‘सिंगल यूज मल्टी लेयर प्लास्टिक’ से तैयार किए गए हैं। गौरतलब है कि पूर्व में हिलदारी अभियान के अन्तर्गत शहर में सैलानियों के लिए ऐसी ही निष्प्रयोज्य सामग्री से बनी 17 बेंच लगाई गई हैं। हिन्दुस्थान समाचार/डॉ.नवीन जोशी/मुकुंद




