देहरादून, 22 जून (हि.स.)। उत्तराखंड भाजपा नेताओं ने उच्च शिक्षा उन्नयन समिति की उपाध्यक्ष रहीं दीप्ती रावत भारद्वाज को महिला मोर्चा में राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी है। मंगलवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ.रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार आदि नेताओं ने ट्विटर पर महिला मोर्चा की राष्ट्रीय टीम में प्रदेश की महिला को दायित्व मिलने पर बधाई दी है। दीप्ती ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (एबीवीपी) से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की।वर्ष 2007 में दीप्ती ने मात्र 25 वर्ष की आयु में उत्तराखंड की तत्कालीन बीरोंखाल (वर्तमान में चौबट्टाखाल) विधानसभा क्षेत्र से बतौर भाजपा प्रत्याशी चुनाव लड़ा था। वे भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य भी रही हैं। हिन्दुस्थान समाचार/राजेश




