अम्बेडकरनगर, 15 मार्च (हि.स.)। महामाया राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में अध्ययनरत दो छात्रों की घाघरा नदी में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य छात्रों को सुरक्षित बचा लिया गया है। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शवों को नदी से बाहर निकाल लिया। घाघरा नदी पर बने टाण्डा कलवारी पुल के नीचे थाना कलवारी की तरफ अम्बेडकरनगर इंजीनियरिंग कॉलेज के छह से अधिक छात्र परीक्षा समाप्त होने के बाद सोमवार को नहाने गए थे। इस दौरान सेल्फी लेते समय दो छात्र नदी में गिर गए। उन्हें बचाने के लिए तीन अन्य छात्र भी नदी में डूबने लगे। शोर सुनकर मौजूद स्थानीय लोगों ने तीन छात्रों को बचा लिया, जबकि दो छात्रों की मौत हो गई हैं। कलवारी थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि जिन छात्रों के शवों को नदी से बाहर निकाला है उनकी शिनाख्त हापुड़ जनपद के रहने वाले 23 वर्षीय दिवांशु जो ट्रेड आईटी अंतिम वर्ष का छात्र था। जबकि लखनऊ के बीबीखेड़ा आवास विकास कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय तर्वेश शिवम था। वह ट्रेड इलेक्ट्रिकल अंतिम वर्ष का छात्र था। जिन छात्रों को बचाया गया है उनकी पहचान अमित राणा बीकापुर,अर्पित गंगवार लहरा राजा कुलीपुर ,फर्रुखाबाद अमित कुमार शहजौली ,गौरी बाजार, देवरिया के रहने वाले हैं। हिन्दुस्थान समाचार/मनीष/दीपक




