नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के अवसानेश्वर महादेव मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को एक बड़ा हादसा सामने आया। मंदिर में जलाभिषेक के दौरान बिजली का तार टूटकर टीन शेड पर गिर गया, जिससे करंट फैल गया। इससे वहां मौजूद भक्तों में भगदड़ मच गई। इस घटना में दो श्रद्धालु अपनी जान गंवा बैठे, जबकि करीब डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और घायल भक्तों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि यह हादसा सुबह लगभग 2 बजे हुआ, जब मंदिर में जलाभिषेक के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। उन्होंने बताया कि एक बंदर बिजली के तारों पर कूदने लगा, जिससे एक तार टूटकर टीन शेड पर गिर गया। जिसकी वजह से करंट फैल गया। तभी श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ की स्थिति हो गई। हादसे में लोनीकटरा थाना क्षेत्र के मुबारकपुरा गांव के 22 वर्षीय प्रशांत और एक अन्य श्रद्धालु की त्रिवेदीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।
घायलों का उपचार जारी, गंभीर मरीजों को रेफर किया गया
हादसे में लगभग 29 से 38 श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। त्रिवेदीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में 10 घायलों को भर्ती किया गया है, जिनमें से 5 की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया है। वहीं, हैदरगढ़ सीएचसी में 26 घायलों का इलाज चल रहा है, जिनमें से एक मरीज को गंभीर स्थिति में रेफर किया गया है। बाकी सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है।
पुलिस और प्रशासन ने तुरंत संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। मंदिर परिसर में सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। घायल श्रद्धालुओं को तत्परता से एम्बुलेंस के माध्यम से हैदरगढ़ और त्रिवेदीगंज सीएचसी भेजा गया। जिलाधिकारी ने बताया कि हादसे की गंभीरता को देखते हुए जांच प्रक्रिया तुरंत शुरू कर दी गई है और बिजली विभाग को पुराने तारों की स्थिति की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने हादसे पर लिया संज्ञान, दिए निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी के अवसानेश्वर मंदिर में बिजली के तार टूटने से हुए हादसे की जानकारी प्राप्त की है। उन्होंने इस दुखद घटना में जान गंवाने वाले दो श्रद्धालुओं के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही, सीएम ने जिला प्रशासन को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों में तेजी लाने और घायल डेढ़ दर्जन से अधिक श्रद्धालुओं को अस्पताल पहुंचाकर उनका बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।





