नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । हर महीने की तरह अगस्त 2025 में भी कई वित्तीय नियमों में बदलाव होने जा रहा है, जो आम लोगों के मासिक बजट को प्रभावित कर सकते हैं। क्रेडिट कार्ड के नियमों में बदलाव, एलपीजी की कीमतों में संशोधन और यूपीआई से जुड़े कुछ नए प्रावधान लागू हो सकते हैं। ये छह बदलाव सीधे तौर पर आपकी जेब पर असर डाल सकते हैं। आइए जानते हैं कि 1 अगस्त से कौन-कौन से बड़े नियम बदलने वाले हैं।
1. क्रेडिट कार्ड नियमों में बदलाव
अगर आप SBI के क्रेडिट कार्ड धारक हैं, तो आपके लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव आने वाला है। 11 अगस्त से एसबीआई अपने कई को-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड्स पर मिलने वाले फ्री एयर एक्सीडेंट इंश्योरेंस कवर को बंद करने जा रहा है। अभी तक बैंक UCO बैंक, सेंट्रल बैंक, पीएसबी, करूर वैश्य बैंक और इलाहाबाद बैंक के साथ मिलकर कुछ ELITE और PRIME कार्ड्स पर 1 करोड़ रुपये या 50 लाख रुपये का बीमा कवर प्रदान कर रहा था, जो अब बंद किया जाएगा।
2. LPG सिलेंडर के दाम में संभावित बदलाव
जैसा कि हर महीने होता है, इस बार भी रसोई गैस और कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में बदलाव की संभावना है। 1 जुलाई को 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की कटौती की गई थी। हाल के महीनों में कमर्शियल सिलेंडरों की कीमतों में कई बार बदलाव देखने को मिला है, लेकिन घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि 1 अगस्त से घरेलू सिलेंडर की कीमत में भी कुछ राहत मिल सकती है।
3. UPI से जुड़े नए नियम होंगे लागू
अगर आप Paytm, PhonePe, GPay या किसी अन्य थर्ड पार्टी UPI ऐप का उपयोग करते हैं, तो यह खबर आपके लिए अहम है। 1 अगस्त से NPCI (भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम) UPI से जुड़े कुछ नए नियम लागू करने जा रहा है। इन बदलावों का उद्देश्य उपयोगकर्ताओं पर तकनीकी दबाव को कम करना और भुगतान अनुभव को बेहतर बनाना है। NPCI द्वारा कुछ नई सीमाएं तय की गई हैं, जो भुगतान प्रक्रिया को प्रभावित नहीं करेंगी, लेकिन बैलेंस चेक, स्टेटस अपडेट, और अन्य बैकएंड सेवाओं पर नियंत्रण लाएंगी।
नए नियमों के तहत, अब आप दिन में अधिकतम 50 बार ही बैलेंस चेक कर सकेंगे। मोबाइल नंबर से लिंक बैंक अकाउंट्स को आप एक दिन में सिर्फ 25 बार ही चेक कर पाएंगे। ऑटो-पे ट्रांजेक्शन (जैसे Netflix सब्सक्रिप्शन, म्यूचुअल फंड SIP आदि) अब केवल तीन निर्धारित समय स्लॉट में ही प्रोसेस होंगे। सुबह 10 बजे से पहले, दोपहर 1 बजे से 5 बजे के बीच और रात 9:30 बजे के बाद। अगर किसी ट्रांजेक्शन में विफलता आती है, तो उसका स्टेटस आप एक दिन में सिर्फ 3 बार ही चेक कर पाएंगे, और हर बार कम से कम 90 सेकंड का अंतर रखना अनिवार्य होगा।
4. CNG और PNG की कीमतों में बदलाव
तेल कंपनियां आमतौर पर हर महीने CNG और PNG की कीमतों की समीक्षा करती हैं, लेकिन अप्रैल 2025 के बाद से अब तक कोई बदलाव नहीं हुआ है। आखिरी बार 9 अप्रैल को दामों में संशोधन किया गया था, जब मुंबई में CNG की कीमत 79.50 रुपये प्रति किलो और PNG 49 रुपये प्रति यूनिट तय की गई थी। यह बढ़ोतरी छह महीने के भीतर चौथी बार की गई थी। अब एक बार फिर 1 अगस्त से इन दामों में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
5. अगस्त में कई दिन बंद रहेंगे बैंक
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) हर महीने बैंकों की अवकाश सूची जारी करता है। अगस्त 2025 में भी साप्ताहिक अवकाश (शनिवार-रविवार) के अलावा, त्योहारों और विशेष अवसरों पर बैंक बंद रह सकते हैं। हालांकि ये बैंक हॉलिडे राज्य और क्षेत्र विशेष पर निर्भर करते हैं, इसलिए अलग-अलग शहरों में अवकाश की तिथियां अलग हो सकती हैं।
6. ATF की कीमतों में बदलाव
1 अगस्त से एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में बदलाव हो सकता है, क्योंकि ऑयल मार्केटिंग कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को LPG के साथ-साथ ATF की कीमतों की भी समीक्षा करती हैं। ATF की कीमतों में आने वाला उतार-चढ़ाव हवाई टिकट की कीमतों पर सीधा असर डालता है।





