— गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से भारी मात्रा में मेडीकल उपकरण किए गए बरामद कानपुर, 05 मई (हि.स.)। जिले की क्राइम ब्रांच व कर्नलगंज थाना पुलिस ने मेडिकल उपकरणों की कालाबाजाारी कर रहे दो अवसरवादी युवकों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। दोनों केे पास से बड़ी संख्या में चिकित्सकीय उपकरण बरामद किए गए हैं। क्राइम ब्रांच और कर्नलगंज पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक मेडिकल सामानों को निर्धारित मूल्य से कई गुना रेट पर कालाबाजारी कर बेच रहे हैं। इसके आधार पर पुलिस ने युवकों से फोन पर सम्पर्क कर मेडिकल उपकरणों की खरीद के लिए बात की। दोनों ने खरीददार बने पुलिस कर्मियों को कलक्टरगंज थाना क्षेत्र के दालमंडी दवा मार्केट बुलाया। माल का सौदा जैसे ही तय हुआ कालाबाजारियों की धरपकड़ के लिए छुपी पुलिस टीमों ने दबोच लिया। पकड़े गए युवकों के नाम आशीष उर्फ सोनू निवासी नाथ नगर बिरहाना रोड व राकेश मेहरा निवासी गिलिश बाजार हैं। अभियुक्तों को दवा मार्केट दालमंडी से गिरफ्तार किया गया हैं। पकड़े गये अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने बड़ी संख्या में आक्सीमीटर, आक्सिफ्लो मीटर, डिजिटल थर्मामीटर, कोविड टेस्ट कार्ड, एवं आक्सीजन माक्स बरामद किए हैं। पकड़े गए दोनों अपराधियों को पुलिस ने जेल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक बरामद माल को दोनों युवक खुदरा मूल्य से कई गुना अधिक मूल्य पर बेच रहे थे। हिन्दुस्थान समाचार/महमूद




