– पढ़ाई के साथ अपना काम शुरु करने के लिए देखने निकला था दुकान कानपुर, 22 मार्च (हि.स.)। बिठूर थाना क्षेत्र में बाइक सवार युवक को अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार डाक्टर पुत्र की मौत हो गई। घटना देख चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी देते हुए शव पोस्टमार्टम भेज दिया। कल्याणपुर थाना क्षेत्र स्थित सत्यम विहार में रहने वाले विमल कटियार डाक्टर है। परिवार में पत्नी, छोटा बेटा शिवम व एमबीए का छात्र बड़ा बेटा सौरभ कटियार (27) हैं। सौरभ इन दिनों पढ़ाई के साथ-साथ अपना काम शुरु करने के लिए किराए की दुकान देख रहा था। दुकान के सिलसिले में ही वह सोमवार को बिठूर के मंधना इलाके में स्थित एक दुकान देखने गया था। दुकान देखकर वह बाइक से वापस घर लौट रहा था, तभी मंधना चौकी के पास जीटी रोड पर पीछे से आए तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में सौरभ की मौके पर ही मौत हो गई। घटना देख चालक ट्रक सड़क पर खड़ा कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त करते हुए परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेजते हुए जीटी रोड पर जाम खुलवाया। बिठूर थानाध्यक्ष अमित मिश्रा ने बताया कि सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई है। ट्रक को कब्जे में लेकर घटना में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार/महमूद/मोहित




