वाराणसी,12 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के तीन दिवसीय पूर्वांचल दौरे में चौबीस घंटे का समय शेष बचा है। सुरक्षा तैयारियों को अन्तिम रूप देने के लिए शुक्रवार को अफसर दिन भर भागदौड़ करते रहे। राष्ट्रपति के संभावित कार्यक्रम स्थलों पर साफ सफाई के साथ बिजली व्यवस्था को दुरुस्त कराया गया। दशाश्वमेध घाट और आसपास के घाटों पर पूरे दिन सफाई व्यवस्था में सफाई कर्मी जुटे रहे। उधर,बीएलडब्ल्यू स्थित खेल मैदान में अस्थाई हेलीपैड बनकर तैयार हो गया है। मैदान सुरक्षा बलों के निगरानी में है। बीएलडब्लू स्थित आफिसर्स क्लब के गेस्ट हाउस में अभेद सुरक्षा घेरा बनाया गया है। यहां राष्ट्रपति विश्राम करेंगे। राष्ट्रपति शनिवार की शाम वाराणसी आयेंगे। शाम को ही राष्ट्रपति बाबा विश्वनाथ का दर्शन पूजन करेंगे। इसके बाद दशाश्वमेघ घाट पर आयोजित गंगा आरती में भाग लेंगे। अगले दिन 14 मार्च को सोनभद्र में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। शाम को मिर्जापुर विंध्याचल धाम जाकर दर्शन पूजन करेंगे। वाराणसी में रात्रि विश्राम के बाद 15 मार्च को कुछ कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद दिल्ली रवाना होंगे। हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/संजय




