नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दहेज लोभी परिवार की हैरान करने वाली कारामात का खुलासा हुआ है। जहां प्रताडि़त महिला ने खुद अपनी आपबीती पुलिस को सुनाई है। पीड़ित महिला का कहना है कि उसके ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे संक्रमित इंजेक्शन लगाकर एचआईवी पॉजिटिव किया है। जिसके बाद से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं पुलिस ने महिला की शिकायत पर पति और ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानिए पूरा मामला
थाना प्रभारी रोजंत त्यागी ने बताया कि आईपीसी की धारा 307 घरेलू हिंसा से महिलाओं के संरक्षण अधिनियम और दहेज निषेध अधिनियम के तहत यह केस दर्ज हुआ है। पीड़िता के पिता ने बताया कि फरवरी 2023 में उन्होंने अपनी बेटी की शादी उत्तराखंड के हरिद्वार निवासी अभिषेक से की थी। शादी में उन्होंने एक कार और 15 लाख रुपये नकद दिए थे।
बेटी के ससुराल वाले शादी के बाद स्कॉर्पियो कार और 25 लाख रुपये की मांग करने लगे। पीड़िता के परिवार ने उनकी इन मांगों को पूरा करने से इनकार कर दिया तो ससुराल वालों ने उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर घर से निकाल दिया था। बाद में गांव में पंचायत के फैसले के बाद उसे फिर से ससुराल भेजा गया था। इस दौरान ससुराल पक्ष ने सोनल को एचआईवी संक्रमित इंजेक्शन लगा दिया और उसे जान से मारने की कोशिश भी की गई। तबीयत बिगड़ने के बाद उसके माता-पिता ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया तो पता चला कि वो एचआईवी पॉजिटिव है।
कोर्ट का दरवाजा खटखटाया
एसएचओ ने बताया कि सोनल के माता-पिता ने बेटी के इंसाफ के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। 10 फरवरी को अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत के आदेश के बाद 11 फरवरी को गंगोह थाने में सोनल के पति और देवर समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।




