मथुरा, 17 जून(हि.स.)। शहर कोतवाली की पुलिस चौकी धौली प्याऊ क्षेत्र में ग्वालियर मध्यप्रदेश से यहां अपने ससुराल आए दामाद की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक के ससुर बुधवार को ही कोतवाली में जमा रिवाल्वर लेकर घर आए थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ग्वालियर की महाराजा प्रताप नगर कॉलोनी निवासी विपुल गर्ग (32) राजेंद्र प्रसाद गर्ग अपनी पत्नी श्वेता के संग बुधवार देर शाम को बीमार ददिया ससुर रेवती रमण को देखने के लिए लिए धौलीप्याऊ आया। मिलने के बाद अपनी ससुराल में ऊपर कमरे में चला गया। यहां ससुर हरिओम अग्रवाल की रखी रिवाल्वर को उठाकर देखने लगा। इसी बीच रिवाल्वर से गोली चल गई, जो कि दामाद विपुल के सीने में जा लगी। गोली की आवाज सुनकर परिजन दौड़ पड़े। आनन-फानन में विपुल को सिटी हॉस्पिटल ले गए। यहां उसे गुरुवार तड़के करीब एक बजे दमतोड़ दिया। सूचना पाकर एसपी सिटी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने मौके पर पहुंचकर पूरी जानकारी की और क्राइम इंस्पेक्टर अमित बैनीवाल को रिवाल्वर कब्जे में लेने के निर्देश दिए। एसपी सिटी ने बताया कि इस मामले में कोई भी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। भाजपा नेता श्याम सिंघल ने बताया कि ताऊजी रिवाल्वर आज ही लेकर आए थे। कारण पंचायत चुनाव का कारण रिवाल्वर कोतवाली में जमा थी। उन्हें क्या पता थी इतनी बड़ी घटना हो जाएगी। हिन्दुस्थान समाचार/महेश





