मथुरा, 05 जून (हि.स.)। कोसीकलां पुलिस ने शनिवार को फरार चल रहे 10 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर उसके द्वारा लूटी गई 40 बोरे बंद सुपारी बरामद की है, जिसकी बाजारी कीमत लगभग 12 लाख रूपए है। गौरतलब हो कि, विगत दिनों कोसीकलां क्षेत्र स्थित सुपारी फैक्ट्री से लोड हुए ट्रक को बदमाश ने लूट लिया था, जिसके एवज में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने फरार बदमाश पर 10 हजार का ईनाम घोषित कर दिया था। शनिवार को 10 हजार का इनामी बदमाश मेवात हरियाणा के जिला नूंह के गांव पल्ला निवासी याहया पुत्र कासम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बदमाश से जब पूछताछ की तो उसने हाईवे पर लूटे गए ट्रक से मिली 40 सुपारी की बोरियों का ठिकाना एक बंद फैक्ट्री में बताया। पुलिस अधीक्षक देहात श्रीश चन्द ने बताया कि कोसीकलां पुलिस टीम ने नवीपुर के समीप लंबे समय से बंद फैक्ट्री से लूटी गई सुपारी की 40 बोरे बरामद किए हैं। जिनकी कीमत बाजार में करीब 12 लाख रुपए आंकी जा रही है। कोसीकलां थाना के बठैन गेट पुलिस द्वारा बदमाश के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार/महेश




