नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पाकिस्तान को लेकर एक ऐसा बयान दिया है, जिसने पड़ोसी मुल्क के भविष्य पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। सीएम योगी ने मंच से गरजते हुए कहा कि अब वो समय दूर नहीं जब पाकिस्तान का अस्तित्व इतिहास के पन्नों में सिमट जाएगा। सीएम योगी ने कहा, अराजकता और अंतर्कलह से जूझता पाकिस्तान अंदर से पूरी तरह खोखला हो चुका है। वह राष्ट्र नहीं, अब महज एक ढांचा है, जो कभी भी भरभराकर गिर सकता है।
चाणक्य का उदाहरण देकर दी चेतावनी
योगी आदित्यनाथ ने आचार्य चाणक्य के विचारों का हवाला देते हुए कहा, “जिस राष्ट्र के भीतर उपद्रव, अलगाववाद और अराजकता घर कर जाती है, वह राष्ट्र शीघ्र ही अपने अंत की ओर बढ़ता है। आज पाकिस्तान ठीक उसी दौर से गुजर रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत ने हजारों वर्षों से राष्ट्र की एकता और अखंडता को सर्वोपरि माना है। हमारे पूर्वजों ने यह सिखाया है कि मातृभूमि से बढ़कर कुछ नहीं, और जब कोई मां के अस्तित्व पर आंच लाने का दुस्साहस करता है, तो उसका अंत निश्चित होता है।”
“धरती मां के अपमान को नहीं सहेगा भारत”
सीएम योगी ने भावनात्मक अपील करते हुए कहा, वैदिक काल से हमें यह शिक्षा दी गई है कि धरती हमारी मां है और हम उसके पुत्र हैं। कोई भी सच्चा पुत्र यह बर्दाश्त नहीं कर सकता कि उसकी मां के साथ छेड़छाड़ हो। उन्होंने श्रीराम का उदाहरण देते हुए कहा, जब राक्षसों ने धरती पर उत्पात मचाया था, तब प्रभु श्रीराम ने संकल्प लिया था कि वे इस धरती को राक्षसों से मुक्त करेंगे। आज भी भारतवासी उसी भावना के साथ हर उस ताकत का सामना करेंगे जो भारत की शांति और संप्रभुता को चुनौती देगी।
पाकिस्तान की उलटी गिनती शुरू?
सीएम योगी का यह बयान न सिर्फ पाकिस्तान को आईना दिखाता है, बल्कि भारत के उस आत्मबल और चेतना को भी प्रकट करता है, जो हर संकट की घड़ी में राष्ट्र को एकजुट करती है।





