नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 25 मई 2024 की सुबह बदमाशों ने एक रिटायर्ड आईएएस अधिकारी के घर में लूटपाट की। उस समय रिटायर्ड आईएएस अधिकारी की पत्नी घर में अकेले थी। जब उन्होंने बदमाशों का विरोध किया तो, बदमाशों ने रिटायर्ड आईएएस अधिकारी की पत्नी की फंदा लगाकर हत्या कर दी।
पत्नी मोहिनी का शव फर्श पड़ा हुआ था
रिटायर्ड आईएएस अधिकारी डीएन दुबे जब गोल्फ खेलकर अपने घर लौटे तो घर में सारा सामान बिखरा हुआ था। उनकी नजर जब फर्श पर पड़ी तो उन्होंने देखा कि उनकी पत्नी मोहिनी का शव फर्श पड़ा हुआ था। उनके गले में फंदा बंधा हुआ था। रिटायर्ड आईएएस अधिकारी डीएन दुबे ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गयी और इस घटना की जांच शुरू कर दी।
पुलिस की टीम के साथ डॉग स्क्वाड को भी घटनास्थल पर बुलाया गया
जानकारी के अनुसार यह घटना रिटायर्ड आईएएस अधिकारी डीएन दुबे के लखनऊ के इंदिरानगर के सेक्टर 22 में स्थित आवास में हुई। रिटायर्ड आईएएस अधिकारी की उम्र 71 वर्ष है। वह रायबरेली समेत कई जिलों में जिलाधिकारी रह चुके हैं। इसके साथ ही वह इलाहाबाद में मंडलायुक्त भी रह चुके हैं। रिटायर्ड आईएएस अधिकारी के घर हुई इस वारदात के बाद इलाके में काफी भय का माहौल है। हर कोई इस वारदात की चर्चा कर रहा है। पुलिस की टीम के साथ डॉग स्क्वाड को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। पुलिस आसपास के जगहों में लगे सीसीटीवी फुटेज को देखकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। इस घटना ने सभी के लिए चिंता खड़ी कर दी है। प्रदेश में पूर्व आईएएस अधिकारी का घर ही सुरक्षित नहीं है तो आम आदमी की सुरक्षा व्यवस्था का क्या होगा? इस तरह की वारदात को रोकने के लिए नागरिकों और प्रशासन को अपनी तरफ से कुछ अन्य सावधानी बरतने के कदम उठाने होंगे।
खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





