चित्रकूट, 08 मई (हि.स.)। जिला पंचायत अध्यक्ष पद को लेकर भाजपा, बसपा व सपा में खासी होड़ मची है। इसी रस्साकसी के बीच शनिवार को जिले के वार्ड नंबर-14 रैपुरा से निर्दल जिला पंचायत सदस्य पद का चुनाव जीतने वाली संगीता के दर्जनों समर्थकों के साथ सपा में शामिल हो जाने से सत्तारूढ़ दल भाजपा और अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार बसपा के खेमे में हलचल मच गई है। शनिवार को जिले के वार्ड-14 रैपुरा से निर्दल जिला पंचायत सदस्य पद का चुनाव जीतने वाली संगीता ने सपा के वरिष्ठ नेता/पूर्व सांसद बालकुमार सिंह पटेल, पूर्व विधायक वीर सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिवशंकर सिंह यादव, जिला महासचिव सत्यनारायण पटेल व वरिष्ठ सपा नेता डाॅ निर्भय सिंह पटेल और अनिल प्रधान आदि की मौजूदगी में सपा का दामन थाम लिया। संगीता के सपा की सदस्यता ग्रहण करते ही भाजपा व बसपा खेमे में हलचल मच गई है। उल्लेखनीय है कि, अभी तक सपा के पांच जिला पंचायत सदस्य थे, संगीता के शामिल होने के बाद डीडीसी सदस्यों की संख्या बढ़कर छह हो गई हैं। अब सपा भी बसपा की बराबरी में खड़ी हो गई है। भाजपा के पास महज चार सदस्य हैं। ऐसे में जिला पंचायत अध्यक्ष पद की सीट पर काबिज होने को सपाइयों ने कवायद तेज कर दी है। सपा के जिला महासचिव सत्य नारायण पटेल का कहना है कि पूरे उत्तर प्रदेश में परिवर्तन की बयार बह रही है। जिला पंचायत चुनाव में यूपी में सर्वाधिक सीटे समाजवादी पार्टी को मिली है। चित्रकूट के जिला पंचायत अध्यक्ष पद की कुर्सी पर लगातार सपा का कब्जा रहा है। अभी तक सपा के पास पांच सदस्य थे। आज निर्दलीय चुनाव जीतने वाली संगीता के सपा में शामिल होने से सपा खासी मजबूत हो गई है। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव तीसरी बार जीतकर सपा रिकार्ड कायम करेगी। हिन्दुस्थान समाचार/ रतन




