लखनऊ। प्रदेश सरकार ने वर्तमान वित्तीय वर्ष में डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के परिसर में निर्मित कृत्रिम अंग एवं पुनर्वास केन्द्र में कस्टमाइज्ड लैब के लिए फर्नीचर व उपकरण क्रय हेतु 193.54 लाख रूपये स्वीकृत किये हैं। स्वीकृत की गई धनराशि निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग को उपलब्ध करा दी गई है।
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने इस सम्बंध में आदेश जारी कर दिये हैं। आदेशानुसार कस्टमाइज्ड लैब के लिए फर्नीचर व उपकरण क्रय कार्य हेतु डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के स्तर पर कुलसचिव की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया जायेगा। यह समिति अपनी देख-रेख में क्रय सम्बंधी कार्य सम्पादित करायेगी। इस समिति में क्रय किये जाने वाले उपकरण, फर्नीचर/खेल उपकरण आदि से सम्बंधित विशेषज्ञता के अधिकारी भी शामिल होंगे।




