नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । कानुपर के चर्चित पुलिस विभाग में डीएसपी पद पर रहे निलंबित ऋषिकांत शुक्ला एक बार फिर चर्चा में है। उनके मामले में अब नए-नए खुलासे सामने आ रहे है। कभी कानून के रखवाले रहे ऋषिकांत शुक्ला अब सवालों के घेरे में हैं, और उनके कार्यों की जांच जारी है, जिससे पुलिस विभाग में हलचल मची हुई है।
निलंबित डीएसपी ऋषिकांत शुक्ला पर अब संपत्ति और निजी जीवन से जुड़ी नई परतें खुल रही हैं। आय से कई गुना ज्यादा संपत्ति और विवादित शादी ने पुलिस महकमे से लेकर सियासी गलियारों तक हलचल मचा दी है।
निलंबित डीएसपी ऋषिकांत शुक्ला के बेटे की शादी का मामला चर्चा में है। मार्च में 200-250 करोड़ रुपये कीमत वाले इटरनिटी रिसॉर्ट में हुई भव्य शादी में जिले के कई बड़े राजनेता, विधायक, सांसद और बीजेपी के 18 जिलों के अध्यक्ष शामिल हुए।
ऋषिकांत शुक्ला की बेटे की भव्य शादी में उच्चस्तरीय अफसरों की भी उपस्थिति रही। पड़ोसी जिले के तत्कालीन एसपी, डीआईजी और एडीजी शामिल हुए। एक वायरल वीडियो में कई आईपीएस अधिकारी डांस फ्लोर पर थिरकते भी दिखाई दिए, जिसने चर्चा और बढ़ा दी।
28 साल की नौकरी, 100 करोड़ की कमाई
निलंबित डीएसपी ऋषिकांत शुक्ला ने 28 साल की सेवा में दारोगा, इंस्पेक्टर और 17 साल डीएसपी के पदों पर काम किया। उनकी पोस्टिंग तेजी से विकसित हो रहे जिलों में रही, जहां उन्होंने अपनी संपत्ति का विशाल साम्राज्य खड़ा किया, जिसे जांच एजेंसियां भी हैरानी से देख रही हैं।
विजिलेंस और एसआईटी रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि निलंबित डीएसपी ऋषिकांत शुक्ला और उनके परिवार के नाम लगभग 100 करोड़ रुपये की संपत्ति है। इसमें आर्यनगर के पॉश इलाके में 11 दुकानें, आर नगर में चार मंजिला इमारतें, गेस्ट हाउस, रियल एस्टेट निवेश और कई कंपनियों में हिस्सेदारी शामिल हैं।
शादी का खर्च मेरा नहीं, लड़की वालों -ऋषिकांत शुक्ला
मीडिया से बात करते हुए ऋषिकांत शुक्ला ने कहा, बेटे की शादी में उनका खर्च नहीं लगा और रिसॉर्ट लड़कीवालों ने चुना था। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर चर्चा में रहा। लोग सवाल उठा रहे हैं कि अगर शादी पूरी तरह लड़कीवालों के खर्च पर थी, तो फिर अफसरों और नेताओं की इतनी बड़ी मौजूदगी क्यों थी।
नेताओं से अच्छे संबंध होना अपराध है क्या- ऋषिकांत शुक्ला
शादी में सांसद, विधायक और बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी पर सवाल उठे। निलंबित डीएसपी ऋषिकांत शुक्ला ने कहा, “अपराधी मुझसे डरें और जनप्रतिनिधि मेरा सम्मान करें, इसमें बुराई क्या है? नेताओं से अच्छे संबंध अपराध नहीं हैं।” उन्होंने जांच को असंतुष्ट लोगों की साजिश करार दिया।
मेहनत की कमाई को भ्रष्टाचार कहना अन्याय
एसआईटी रिपोर्ट में आर नगर की गेस्ट हाउस, दुकानें और चार मंजिला इमारतों का जिक्र है। निलंबित डीएसपी ऋषिकांत शुक्ला का कहना है कि यह अधिकांश पैतृक संपत्ति है। उन्होंने कहा, “मेरे दादा पुलिस इंस्पेक्टर और पिता मैनेजर थे, मेहनत की कमाई को भ्रष्टाचार कहना अन्याय है।”
करोड़ों की दुकानों से लेकर कंपनियों में निवेश तक
निलंबित डीएसपी ऋषिकांत शुक्ला की आर्यनगर की 11 दुकानों की कीमत 92 करोड़ रुपये बताई जा रही है। शहर में गेस्ट हाउस, प्लॉट और कुछ कंपनियों में पत्नी व रिश्तेदारों के नाम निवेश भी मिले हैं। विजिलेंस के मुताबिक आय और संपत्ति के बीच अंतर इतना बड़ा है कि साबित करना चुनौतीपूर्ण होगा।
कई विधायक-सांसदों से निजी संबंध
पुराने पुलिसकर्मी बताते हैं कि निलंबित डीएसपी ऋषिकांत शुक्ला की छवि विवादित रही। एनकाउंटर विशेषज्ञ के तौर पर उनका नाम कई बार सुर्खियों में आया। अपराधियों से सख्ती के बावजूद विवाद भी खड़े हुए, जबकि उनकी राजनीतिक पहुंच और कई विधायक-सांसदों से निजी संबंध भी चर्चित रहे।
बेटे की भव्य शादी अब जांच के घेरे
ऋषिकांत शुक्ला की बेटे की भव्य शादी अब जांच के घेरे में है। विजिलेंस यह पता लगा रही है कि खर्च किसने उठाया और कहीं बेनामी लेन-देन तो नहीं हुआ। रिसॉर्ट बुकिंग, डेकोरेशन और खानपान पर करोड़ों रुपये खर्च हुए, और एजेंसियां सभी बिलों और भुगतानों की जांच कर रही हैं।
अब सवालों के घेरे में है ऋषिकांत शुक्ला
कभी वर्दी में ईमानदारी और सख्ती का प्रतीक रहे निलंबित डीएसपी ऋषिकांत शुक्ला अब सवालों के घेरे में हैं। सोशल मीडिया पर लोग पूछ रहे हैं कि शादी की भव्यता कैसे संभव हुई। शुक्ला दावा कर रहे हैं कि वे निर्दोष हैं और कार्रवाई द्वेष से प्रेरित है, सच सामने आने पर सब साफ हो जाएगा।
“




