औरैया, 28 जून (हि.स.)। स्वामित्व योजना के अंतर्गत औरैया तहसील के राजस्व ग्रामों में जमीनों की ड्रोन नक्शे का कार्य फिर शुरू हो गया है। सोमवार को क्षेत्र के पांच गांव में ड्रोन से सर्वेक्षण कार्य किया गया। सर्वेक्षण कार्य में राजस्व विभाग की ओर से लेखपाल कपिल मौजूद रहे। औरैया तहसील में योजना के तहत लगभग 40 गांव का चयन हुआ है, जिसकी ड्रोन से नाप जोख होना है। एसडीएम के आदेशानुसार 28 जून से ड्रोन सर्वेक्षण का कार्य शुरू हो गया है जो छह जुलाई तक पूरा होना है। ड्रोन सर्वेक्षण में भाग्यनगर के 10 गांव शामिल किए गए हैं जिसको लेकर सोमवार को क्षेत्र के तर्रई, टीकमपुर, बुढ़ानपुर, नियामतपुर बिहारी व भाऊपुर गांव में सर्वे किया गया। इस दौरान तर्रई गांव पहुची टीम ने ड्रोन द्वारा गांव के सर्वेक्षण का काम किया और इसकी नक्शा नवीसी कम्प्यूटर में दर्ज की। सर्वेक्षण से पहले गांव के आवासों के चारों ओर व छतों पर चूना डाला गया। लेखपाल कपिल कुमार द्वारा नजरी नक्शा तैयार कर आधार नम्बर व आवासों की चौहद्दी आदि की जानकारी ली गयी। लेखपाल ने बताया कि सर्वेक्षण बाद स्वामित्व सम्बन्धी कागजात तैयार किये जायेंगे। हिन्दुस्थान समाचार/ सुनील




