– कहा, ग्राम प्रधान निगरानी समिति का दृढ़ता के साथ करें नेतृत्व झांसी, 15 मई (हि.स.)। जिलाधिकारी आन्द्रा वामसी व मुख्य विकास अधिकारी शैलेष कुमार के साथ ग्राम पंचायत बिरगुवां विकासखंड बड़ागांव में निगरानी समिति के कार्यों को देखा। उन्होंने निगरानी समिति के समस्त सदस्यों के संग वार्ता करते हुए कहा कि गांव में कोरोना संक्रमण रोकने में अपने दायित्वों का संवेदनशील होकर निर्वहन करें। पिछले साल कोविड-19 प्रसार को रोकने में निगरानी समितियों द्वारा सक्रिय भूमिका निभाई थी, इस वर्ष भी इतनी तत्परता से कार्य करें। जिलाधिकारी ने निगरानी समिति से किए गये कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि समिति गांव में रहने वाले अथवा बाहर से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जानकारी लेंगे, यदि कोई संदिग्ध मिलता है तो टेस्टिंग कराते हुए उन पर नजर रखेगें। जिलाधिकारी ने कहा कि समिति का नेतृत्व ग्राम प्रधान द्वारा किया जाएगा। अन्य सदस्य के रूप में लेखपाल, एएनएम, आशा, आंगनवाड़ी, युवक मंगल दल के सदस्य कार्य करेंगे। जिलाधिकारी ने निगरानी समिति द्वारा स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने पर प्रसन्नता व्यक्त की। ग्राम विकास अधिकारी जितेंद्र कुमार साहू ने बताया कि निगरानी समिति लगातार सर्वे कार्य कर जानकारी एकत्र कर रही है। आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्री गांव में जाकर घर-घर थर्मल स्क्रीनिंग के माध्यम से जांच कर रही हैं और संदिग्ध पाए जाने पर दवा वितरित कर रही है। गांव में सैनिटाइजेशन कार्य कई बार किया जा चुका है तथा साफ सफाई पर विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इस मौके पर उप जिलाधिकारी सदर राजकुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी जेआर गौतम, तहसीलदार सदर मनोज कुमार, खंड विकास अधिकारी कविता सिंह चहर, ग्राम प्रधान आशुतोष यादव, प्रभारी एडीओ पंचायत संजय कुमार गोस्वामी, पूर्व प्रधान तुलाराम अहिरवार, लेखपाल राघवेंद्र सिंह सहित अन्य सदस्य व ग्रामीण उपस्थित रहे। हिन्दुस्थान समाचार/महेश





