वाराणसी,19 अप्रैल (हि.स.)। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के शिवदासपुर वंशीधर बगीचा स्थित गत्ते (कार्टन) बनाने के कारखाने में सोमवार तड़के भीषण आग लग गयी। आसपास के लोगों ने जब कारखाने से धुआं और आग की लपटे उठता देखा तो पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जब तक मौके पर फायर ब्रिगेड पहुंचती आग विकराल हो गई और देखते ही देखते कारखाने में रखी मशीनों के साथ ही कार्टन बनाने के गत्ते भी जल गए। आग फैलता देख आसपास के लोग अपने घरों से पानी फेंक कर आग बुझाने की कोशिश करने लगे। तब तक फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां वहां पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने त्वरित गति से आग बुझाना शुरू कर दिया। लगभग पांच घंटे से अधिक प्रयास के बाद जवानों ने आग पर काबू पा लिया। आग की सूचना पर मौके पर पहुंचे कार्टन फैक्ट्री के मालिक आनन्द यादव ने बताया कि लगभग 12 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। फायर बिग्रेड के अफसरों ने बताया कि पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर




